रेलवे में 1400 से ज़्यादा पदों पर भर्ती का मौका, स्टेशन मास्टर से लेकर JE तक के लिए 15 अक्टूबर तक करें आवेदन
अगर आप रेलवे में नौकरी की तैयारी कर रहे हैं तो यह आपके लिए एक अहम खबर है। पूर्व मध्य रेलवे (ECR) ने स्टेशन मास्टर, असिस्टेंट लोको पायलट और जूनियर इंजीनियर समेत 1,465 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मंगाए…
अगर आप रेलवे में नौकरी की तैयारी कर रहे हैं तो यह आपके लिए एक अहम खबर है। पूर्व मध्य रेलवे (ECR) ने स्टेशन मास्टर, असिस्टेंट लोको पायलट और जूनियर इंजीनियर समेत 1,465 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मंगाए हैं। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इन सभी पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया जारी है और इसकी अंतिम तिथि 15 अक्टूबर निर्धारित की गई है।
यह भर्ती रेलवे भर्ती सेल (RRC) द्वारा जनरल डिपार्टमेंटल कॉम्पिटिटिव एग्जामिनेशन (GDCE), 2026 के तहत की जा रही है। इच्छुक उम्मीदवार आरआरसी या ईसीआर की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द अपना फॉर्म भर लें।
किन पदों पर कितनी रिक्तियां हैं?
जारी की गई अधिसूचना में कुल 1,465 रिक्तियां हैं, जिनमें प्रमुख पद इस प्रकार हैं:
- असिस्टेंट लोको पायलट (ALP): 910 पद
- गुड्स ट्रेन मैनेजर: 389 पद
- कमर्शियल कम टिकट क्लर्क (CCTC): 42 पद
- स्टेशन मास्टर: 9 पद
- जूनियर इंजीनियर (विभिन्न विभाग): 37 पद
- तकनीशियन (विभिन्न ट्रेड): 44 पद
- अन्य पद: डिपो मटीरियल सुपरिटेंडेंट, चीफ कमर्शियल कम टिकट सुपरवाइजर, सीनियर क्लर्क और सेक्शन कंट्रोलर समेत कई अन्य पद भी शामिल हैं।
जरूरी योग्यताएं और आयु सीमा
इन पदों पर आवेदन के लिए शैक्षणिक योग्यता पद के अनुसार अलग-अलग है। उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से मैट्रिक/एसएसएलसी के साथ आईटीआई, इंजीनियरिंग में डिप्लोमा या डिग्री, या न्यूनतम 50% अंकों के साथ 12वीं पास जैसी योग्यताएं होनी चाहिए।
आयु सीमा की बात करें तो आवेदकों की न्यूनतम उम्र 18 वर्ष और अधिकतम 42 वर्ष रखी गई है। उम्र की गणना 1 जनवरी 2027 को आधार मानकर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार ऊपरी आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
कैसे होगा चयन और कितना मिलेगा वेतन?
उम्मीदवारों का चयन कई चरणों की प्रक्रिया के बाद होगा। इसमें कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT), एप्टीट्यूड टेस्ट, टाइपिंग स्किल टेस्ट (जहां लागू हो), दस्तावेज़ सत्यापन और मेडिकल जांच शामिल है। अंतिम रूप से चयनित होने वाले कर्मचारियों को पद के अनुसार 7वें वेतन आयोग के पे मैट्रिक्स लेवल-2 से लेकर लेवल-6 तक का वेतन मिलेगा।
इनपुट: IANS



