रेलवे में 1400 से ज़्यादा नौकरियां: स्टेशन मास्टर और ALP समेत कई पदों के लिए 15 अक्टूबर तक करें आवेदन
पूर्व मध्य रेलवे (ECR) में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर आया है। रेलवे भर्ती सेल (RRC) ने विभिन्न विभागों में 1,465 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। समाचार एजेंसी…
पूर्व मध्य रेलवे (ECR) में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर आया है। रेलवे भर्ती सेल (RRC) ने विभिन्न विभागों में 1,465 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, यह भर्ती जनरल डिपार्टमेंटल कॉम्पिटिटिव एग्जामिनेशन (GDCE), 2026 के तहत की जा रही है और इच्छुक उम्मीदवार 15 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन के लिए आरआरसी या ईसीआर की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इन पदों पर चयनित होने वाले कर्मचारियों को 7वें वेतन आयोग के पे मैट्रिक्स लेवल 2 से लेकर लेवल 6 तक की सैलरी मिलेगी।
किन पदों पर कितनी रिक्तियां?
जारी अधिसूचना के मुताबिक, कुल 1,465 रिक्तियों में सबसे अधिक 910 पद असिस्टेंट लोको पायलट (ALP) के लिए हैं। इसके अलावा, गुड्स ट्रेन मैनेजर के 389, स्टेशन मास्टर के 9, और जूनियर इंजीनियर के कुल 37 पद शामिल हैं। अन्य प्रमुख पदों में कमर्शियल कम टिकट क्लर्क (CCTC) के 42, डिपो मटीरियल सुपरिटेंडेंट के 19 और सेक्शन कंट्रोलर के 3 पद भी हैं। साथ ही, विभिन्न विभागों में टेक्नीशियन के भी कई पद उपलब्ध हैं।
कौन कर सकता है आवेदन?
शैक्षणिक योग्यता: इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता पद के अनुसार अलग-अलग है। उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से मैट्रिक/एसएसएलसी के साथ आईटीआई, इंजीनियरिंग में तीन साल का डिप्लोमा, किसी भी विषय में डिग्री या समकक्ष योग्यता होनी चाहिए। कुछ पदों के लिए न्यूनतम 50% अंकों के साथ 12वीं पास होना भी आवश्यक है।
आयु सीमा: आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 42 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 जनवरी 2027 को आधार मानकर की जाएगी। आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार ऊपरी आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
कैसे होगी चयन प्रक्रिया?
योग्य उम्मीदवारों का चयन कई चरणों के आधार पर किया जाएगा। इसमें कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT), कंप्यूटर आधारित एप्टीट्यूड टेस्ट, और टाइपिंग स्किल टेस्ट (CBTS) शामिल हैं। इन परीक्षाओं को पास करने वाले उम्मीदवारों को दस्तावेज़ सत्यापन और मेडिकल जांच के लिए बुलाया जाएगा, जिसके बाद अंतिम चयन सूची जारी की जाएगी।
इनपुट: IANS



