पंजाब: महिलाओं को ₹1000 देने की योजना पर भाजपा का हमला, कहा- 'चुनावी स्टंट और धोखा'
पंजाब में भगवंत मान सरकार ने 'मावां धीयां सत्कार योजना' के तहत महिलाओं को वित्तीय सहायता देना शुरू कर दिया है, लेकिन इस कदम ने राज्य में सियासी घमासान छेड़ दिया है। पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्ल
पंजाब में भगवंत मान सरकार ने 'मावां धीयां सत्कार योजना' के तहत महिलाओं को वित्तीय सहायता देना शुरू कर दिया है, लेकिन इस कदम ने राज्य में सियासी घमासान छेड़ दिया है। पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने सरकार की इस पहल को महिलाओं के साथ धोखा और आगामी चुनावों को देखते हुए एक 'चुनावी स्टंट' करार दिया है।
समाचार एजेंसी IANS से बातचीत में ढिल्लों ने कहा कि आम आदमी पार्टी (AAP) ने 2022 के विधानसभा चुनाव में 18 साल से अधिक उम्र की सभी महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये देने का वादा किया था, जो साढ़े चार साल बाद भी पूरा नहीं हुआ। उन्होंने सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए इस योजना को उसी अधूरे वादे की खानापूर्ति बताया।
योजना के समय पर सवाल
ढिल्लों ने कहा, "यह पूरी तरह से महिलाओं के साथ धोखा और चुनावी स्टंट है।" उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने पहले अप्रैल, मई और जून की राशि एक साथ देने का दावा किया था, लेकिन अब विज्ञापनों में जुलाई, अगस्त और सितंबर की एडवांस राशि देने की बात कही जा रही है। उन्होंने कहा कि सितंबर के बाद आचार संहिता लागू होने की संभावना है, जिससे यह साफ है कि यह कदम चुनाव को ध्यान में रखकर उठाया गया है।
इस योजना के तहत सामान्य वर्ग की महिलाओं को 1,000 रुपये और अनुसूचित जाति की महिलाओं को 1,500 रुपये प्रति माह दिए जा रहे हैं, जिसकी तीन महीने की राशि एक साथ जारी की गई है।
भाजपा ने की बकाया राशि की मांग
पंजाब भाजपा ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर भी सरकार को घेरा। पार्टी ने कहा कि अगर सरकार अपने वादे को लेकर गंभीर है, तो उसे हर महिला के खाते में पिछले 51 महीनों का पूरा बकाया एकमुश्त जमा कराना चाहिए। पार्टी ने पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए दावा किया कि वहां भाजपा सरकार ने बनने के दो महीने के भीतर ही 1.3 करोड़ से ज्यादा महिलाओं को हर महीने 3,000 रुपये देने शुरू कर दिए थे।
केवल सिंह ढिल्लों ने राज्य की बिजली व्यवस्था और मानसून की तैयारियों पर भी सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि मुफ्त बिजली का वादा करने वाली सरकार के राज में लंबे पावर कट लग रहे हैं। साथ ही यह भरोसा दिलाया कि अगर पंजाब में भाजपा की सरकार बनती है, तो महिलाओं से किए गए सभी वादे तुरंत पूरे किए जाएंगे।
इनपुट: IANS



