पंजाब: AAP ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, भगवंत मान धूरी से लड़ेंगे
पंजाब में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारी शुरू करते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी पहली सूची में 40 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। इस सूची में सबसे प्रमुख नाम मुख्यमंत्री…
पंजाब में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारी शुरू करते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी पहली सूची में 40 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। इस सूची में सबसे प्रमुख नाम मुख्यमंत्री भगवंत मान का है, जो एक बार फिर अपनी मौजूदा धूरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इन नामों को पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में हुई राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) की बैठक में अंतिम रूप दिया गया।
पार्टी की ओर से जारी इस पहली सूची में मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जेल में बंद मंत्री संजीव अरोड़ा को भी लुधियाना पश्चिम से टिकट दिया गया है। इस फैसले पर पार्टी ने उनका बचाव किया है। आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा, “संजीव अरोड़ा पार्टी के बहुत समर्पित सिपाही हैं और आप में वो अच्छा काम कर रहे थे इसलिए केंद्र सरकार उन्हें प्रताड़ित कर रही है। यह बात सभी समझते हैं। हम सभी लोग उनके और उनके परिवार के साथ खड़े हैं।” उन्होंने उम्मीद जताई कि अरोड़ा को जल्द जमानत मिल जाएगी और वे अपना प्रचार शुरू कर सकेंगे।
नेताओं ने दी प्रतिक्रिया
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सूची जारी होने पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “मैं सभी उम्मीदवारों को बधाई देता हूं और पार्टी के कार्यकर्ताओं से आह्वान करता हूं कि वे जमीनी स्तर पर लोगों से और भी मजबूती से जुड़ें। आइए 'रंगला पंजाब' की ओर प्रगति की हमारी यात्रा को जारी रखें।” उन्होंने यह भी बताया, “मेरा नाम भी इस लिस्ट में है और मैं धुरी से लड़ रहा हूं।” भगवंत मान के अनुसार, उम्मीदवारों की समय से पहले घोषणा पार्टी की मजबूत तैयारी और सरकार के काम में अटूट विश्वास को दर्शाती है।
वहीं, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी सभी 40 उम्मीदवारों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जनता के बीच कराए गए एक सर्वे के बाद इन उम्मीदवारों को टिकट दिया है। केजरीवाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं से 2027 के चुनावों में 2022 के प्रदर्शन को भी पीछे छोड़ने का आह्वान करते हुए कहा, “मैं सभी 40 उम्मीदवारों को बधाई देता हूं और सभी से आह्वान करता हूं कि 2027 के चुनावों में 2022 में बनाया गया रिकॉर्ड भी तोड़ दें।”
विपक्ष पर साधा निशाना
उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ही आप नेता सौरभ भारद्वाज ने भाजपा पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा, “हमारे पास उम्मीदवार हैं, तो हमने लिस्ट जारी कर दी, भाजपा के पास तो लोग ही नहीं हैं। वो तो इस इंतजार में है कि कोई कांग्रेस से छोड़ देगा, किसी को आप से टिकट नहीं मिलेगा, तो उनके उम्मीदवार पूरे होंगे, वरना तो उनके पास लोग ही नहीं हैं।” भारद्वाज ने यह भी बताया कि बाकी सीटों के लिए भी उम्मीदवारों के नाम जल्द ही घोषित कर दिए जाएंगे।
इनपुट: IANS



