भारत में निजी निवेश की बहार: पहली छमाही में ₹26 लाख करोड़ की परियोजनाएं घोषित
भारतीय उद्योग जगत ने इस वित्त वर्ष की पहली छमाही में निवेश को लेकर जबरदस्त उत्साह दिखाया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, देश के निजी क्षेत्र ने अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच 26.6 लाख करोड़ रुपए की…
भारतीय उद्योग जगत ने इस वित्त वर्ष की पहली छमाही में निवेश को लेकर जबरदस्त उत्साह दिखाया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, देश के निजी क्षेत्र ने अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच 26.6 लाख करोड़ रुपए की नई परियोजनाओं की घोषणा की है। यह आंकड़ा पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले 58.5% अधिक है, जो कारोबारी भरोसे में एक मजबूत वापसी का संकेत देता है।
यह जानकारी भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) द्वारा जारी 'प्राइवेट इन्वेस्टमेंट बैरोमीटर' के दूसरे संस्करण में सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस उछाल के पीछे सरकार के लगातार नीतिगत सुधार, बुनियादी ढांचे का विकास और रेगुलेटरी सुधारों से बना सकारात्मक माहौल है। दिलचस्प बात यह है कि कुल घोषित परियोजनाओं में निजी क्षेत्र की हिस्सेदारी भी पिछले साल के 74.2% से बढ़कर 86.2% हो गई है, जो दिखाता है कि निवेश की इस लहर का नेतृत्व प्राइवेट कंपनियां कर रही हैं।
तकनीक और बिजली क्षेत्र में बड़ा निवेश
आंकड़े बताते हैं कि निवेश का रुझान पारंपरिक क्षेत्रों से आगे बढ़कर भविष्य की तकनीकों की ओर जा रहा है। कुल घोषणाओं में सबसे बड़ा हिस्सा सूचना प्रौद्योगिकी (IT) का रहा, जिसमें लगभग 9.5 लाख करोड़ रुपए की परियोजनाएं शामिल हैं। इनमें मुख्य रूप से डेटा सेंटर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस है। पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा सिर्फ 0.7 लाख करोड़ रुपए था।
इसके अलावा, विनिर्माण (Manufacturing) क्षेत्र में 8.1 लाख करोड़ रुपए और बिजली (Power) क्षेत्र में 7.7 लाख करोड़ रुपए की परियोजनाएं घोषित की गईं। ये दोनों ही आंकड़े अपने ऐतिहासिक औसत से क्रमश: 3.2 गुना और 5.1 गुना ज़्यादा हैं, जो औद्योगिक गतिविधियों में तेज़ी को दर्शाता है।
"सरकारी नीतियों ने बढ़ाया भरोसा": CII
इस सकारात्मक माहौल पर CII के अध्यक्ष आर. मुकुंदन ने कहा, "सरकार को लगातार नीतिगत सुधारों, बुनियादी ढांचे के विकास और नियामक ढांचे में सुधार के जरिए निजी निवेश के लिए एक मजबूत और अनुकूल माहौल बनाने का श्रेय मिलना चाहिए।"
उन्होंने आगे कहा, "वैश्विक स्तर पर भारी अनिश्चितता के बावजूद, इन प्रयासों में निरंतरता और स्थिरता ने कारोबारी भरोसे को मजबूत किया है और दीर्घकालिक निवेश निर्णयों के लिए एक स्पष्ट दृष्टिकोण प्रदान किया है। भारतीय उद्योग जगत इन अवसरों का सकारात्मक जवाब दे रहा है, और हमें निवेश की घोषणाओं तथा वास्तविक पूंजी निर्माण, दोनों ही रूपों में इसके उत्साहजनक प्रमाण देखने को मिल रहे हैं।"
इनपुट: IANS



