President Election: NDA की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू आज आएंगी लखनऊ, योगी करेंगे स्वागत, जानिए तैयारी

81
President Election: NDA की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू आज आएंगी लखनऊ, योगी करेंगे स्वागत, जानिए तैयारी

President Election: NDA की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू आज आएंगी लखनऊ, योगी करेंगे स्वागत, जानिए तैयारी

लखनऊ: राष्ट्रपति चुनाव (Presidetial Election) की प्रक्रिया काफी तेज हो गई है। 18 जुलाई को होने वाले चुनाव से पहले उम्मीदवारों को देश के सबसे बड़े राज्य की राजधानी में पहुंचकर अपने पक्ष में वोट मांगने का सिलसिला लगातार जारी है। गुरुवार को विपक्षी दलों के संयुक्त उम्मीदवार यशवंत सिन्हा (Yashwant Sinha) लखनऊ पहुंचे थे। शुक्रवार को एनडीए की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू (Droupadi Murmu) लखनऊ पहुंच रही हैं। वे अपने पक्ष में वोट मांगने आ रही हैं। उनके स्वागत की तैयारी भारतीय जनता पार्टी की ओर से पूरी की गई है। सीएम योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत तमाम घटक दलों के शीर्ष नेता उनके आगमन के दौरान एयरपोर्ट पर मौजूद रहेंगे।

राष्ट्रपति का उम्मीदवार घोषित होने के बाद द्रौपदी मुर्मू का यह पहला लखनऊ दौरा है। इसको लेकर तैयारियां काफी जोरदार हैं। भाजपा अपने राष्ट्रपति उम्मीदवार के स्वागत के लिए जगह-जगह पर बैनर और पोस्टर लगवाई है। पार्टी की ओर से द्रौपदी मुर्मू के लखनऊ आगमन को एक इवेंट के रूप में मनाया जा रहा है। द्रौपदी मुर्मू के दोपहर बाद 2 बजे एयरपोर्ट पर पहुंचने का कार्यक्रम है। एयरपोर्ट पर उनके पहुंचने के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ उनका स्वागत करेंगे। इस दौरान शीर्ष नेताओं के भी वहां मौजूद रहने का कार्यक्रम है। राष्ट्रपति चुनाव को लेकर द्रौपदी मुर्मू भाजपा और सहयोगी दलों के साथ शाम 6 बजे लोकभवन में बैठक करेंगी। इस दौरान वे अपने पक्ष में वोट मांगेंगी। बैठक में चुनाव की रणनीति पर भी चर्चा होगी।

यशवंत सिन्हा पहले ही मांग चुके हैं वोट
विपक्ष के संयुक्त उम्मीदवार यशवंत सिन्हा एक दिन पहले ही अपने पक्ष में वोट मांग चुके हैं। गुरुवार को यशवंत सिन्हा लखनऊ पहुंचे थे। इस दौरान उनका स्वागत समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव और राष्ट्रीय लोक दल अध्यक्ष जयंत चौधरी ने किया। हालांकि, राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोट मांगे जाने के दौरान सपा गठबंधन के अन्य सहयोगी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर और प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल यादव इस मौके पर मौजूद नहीं रहे। इसको लेकर चर्चाओं का बाजार गरमाया हुआ है।

एनडीए दिखाएगी एकता
द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोट मांगने के लिए पहुंचने के दौरान एनडीए एकता का प्रदर्शन करेगी। लोकभवन में आयोजित होने वाली बैठक के दौरान भाजपा के सहयोगी दल अपना दल सोनेलाल और निषाद पार्टी के अध्यक्ष के भी मौजूद रहने की उम्मीद है। इनके अलावा द्रौपदी मुर्मू को बसपा अध्यक्ष मायावती ने भी समर्थन का ऐलान किया है। सपा के सहयोगी दल सुभासपा और प्रसपा का भी समर्थन आखिरी समय में द्रौपदी मुर्मू को मिलने की उम्मीद है। ऐसे में यूपी से द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति चुनाव में बड़ी बढ़त मिल सकती है।

राजनीति की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – राजनीति
News