प्रयागराज: स्वामी नारायण मंदिर का हिस्सा ढहने से हड़कंप, तेज़ धमाके से सहमे लोग
प्रयागराज में बैरहना स्थित स्वामी नारायण मंदिर परिसर का एक हिस्सा सोमवार देर रात ढह जाने से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तेज धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए और अपने घरों से…
प्रयागराज में बैरहना स्थित स्वामी नारायण मंदिर परिसर का एक हिस्सा सोमवार देर रात ढह जाने से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तेज धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए और अपने घरों से बाहर निकल आए। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना रात करीब 11 से 11:30 बजे के बीच हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आवाज इतनी तेज थी कि कई लोगों को लगा जैसे भूकंप का झटका आया हो। मौके पर पहुंचने पर लोगों ने मंदिर की तीन मंजिला इमारत का एक हिस्सा ढहा हुआ पाया और हर तरफ धूल का गुबार था।
प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या बताया?
पास में ही रहने वाली एक स्थानीय महिला गीता ने IANS को बताया, “रात लगभग 11 बजे यह हादसा हुआ है। हम लोग बगल में ही रहते हैं, अचानक तेज आवाज आई तो सब लोग देखने आए। यहां आकर देखा तो मंदिर का हिस्सा गिरा हुआ था।” उन्होंने आवाज के बहुत तेज होने की पुष्टि की।
एक अन्य स्थानीय निवासी मोईन अली ने बताया कि उन्हें लगा जैसे भूकंप आया हो। उन्होंने एजेंसी को बताया, “हम लोग देखने आए तो धुआं उठता हुआ दिखा, जब बगल में देखा तो मंदिर का हिस्सा गिरा था। यह घटना रात करीब साढ़े 11 बजे घटी।”
हादसे की वजह क्या हो सकती है?
हालांकि, इमारत के ढहने का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन स्थानीय लोगों ने इसके पीछे बगल में चल रहे निर्माण कार्य को एक संभावित वजह बताया है। गीता ने कहा, “किस कारण से हिस्सा गिरा है, यह तो पता नहीं है, लेकिन यहां एक मकान बन रहा था; शायद इस वजह से गिरा होगा।” मोईन अली ने भी इस बात की ओर इशारा करते हुए कहा, “बगल में गड्ढा खोदा गया था, इसी वजह से यह हिस्सा गिरा है।” इस घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में डर का माहौल है।
इनपुट: IANS



