राहुल गांधी का सरकार पर हमला: बोले- 'प्रधानमंत्री से लेकर सिपाही तक को सजा दिलाएंगे'
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सरकार, गृह मंत्री और चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए कहा कि वे सुनिश्चित करेंगे कि गलत काम करने वालों को…
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सरकार, गृह मंत्री और चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए कहा कि वे सुनिश्चित करेंगे कि गलत काम करने वालों को सजा मिले, चाहे वह प्रधानमंत्री हों या एक सिपाही। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, नई दिल्ली में आयोजित इस पत्रकार वार्ता के दौरान राहुल गांधी ने छात्रों से सभी घटनाओं के वीडियो सबूत के तौर पर सहेज कर रखने की अपील की।
राहुल गांधी ने कहा, "जब यह पूरा मामला खत्म होगा, तो हम उन सभी सबूतों का उपयोग करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि जिसे सजा मिलनी चाहिए उसे सजा मिले।" उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि प्रधानमंत्री से लेकर ज्ञानेश कुमार, अमित शाह और यहां तक कि हमारे बच्चों पर हाथ उठाने वाले सिपाही को भी सजा मिलेगी।
छात्रों ने सुनाई आपबीती
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी अपने साथ कुछ छात्रों को भी लेकर आए थे, जिन्होंने पुलिस हिरासत में अपने साथ हुए कथित दुर्व्यवहार का ब्योरा दिया। छात्र धर्मेंद्र कुमार ने आरोप लगाया, "पुलिसकर्मियों ने हमसे कहा कि बोलो, दिल्ली पुलिस तुम्हारे पापा हैं। हमें बहुत मारा गया... एक पुलिसवाले ने कहा कि बुला ले अपने नेता को, तुम्हें कोई बचाने नहीं आएगा।" धर्मेंद्र ने कहा कि वे अन्याय के खिलाफ झुकेंगे नहीं और अपना संघर्ष जारी रखेंगे।
एक अन्य छात्र समर्थ ने बताया कि वे 4 अक्टूबर से शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे, जिसके बाद 5 अक्टूबर को उन्हें हिरासत में लिया गया। उन्होंने आरोप लगाया, "हमें पार्लियामेंट पुलिस स्टेशन ले जाकर वहाब सिंह तोमर नाम के पुलिसकर्मी के साथ 20 पुलिसवालों ने बुरी तरह से मारा।" समर्थ के अनुसार, उन्हें कांस्टेबल अंकित कसाना दिल्ली कैंट तक मारते हुए ले गए और जब उनके साथी को उल्टी आई तो पुलिस ने बैग में ही उल्टी करने को कहा।
'यह भारत की आवाज है'
राहुल गांधी ने अमित शाह को संबोधित करते हुए कहा कि यह विरोध किसी एक धर्म, जाति या लिंग का नहीं, बल्कि पूरे भारत की आवाज है। उन्होंने कहा, "यह भारत की आवाज है और आप इस आवाज के खिलाफ खड़े हैं। प्रधानमंत्री इस आवाज के खिलाफ खड़े हैं। मैं आपको सुझाव देता हूं कि इस आवाज के खिलाफ मत खड़े होइए।"
इनपुट: IANS



