राजस्थान को 1.06 लाख करोड़ की सौगात: PM मोदी पचपदरा रिफाइनरी का करेंगे उद्घाटन, जयपुर मेट्रो फेज-2 का शिलान्यास भी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अपने राजस्थान दौरे के दौरान राज्य को लगभग 1.06 लाख करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, पीएम मोदी बालोतरा के पचपदरा में हिं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अपने राजस्थान दौरे के दौरान राज्य को लगभग 1.06 लाख करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, पीएम मोदी बालोतरा के पचपदरा में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) की रिफाइनरी राष्ट्र को समर्पित करेंगे और यहीं से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जयपुर मेट्रो के दूसरे चरण की आधारशिला भी रखेंगे।
अपने दौरे की शुरुआत प्रधानमंत्री सुबह करीब 10:45 बजे जोधपुर से करेंगे, जहाँ वे हवाई अड्डे की नई टर्मिनल बिल्डिंग का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा, जोधपुर में एक नई विमानन योजना (एविएशन स्कीम) की भी शुरुआत की जाएगी। इसके बाद प्रधानमंत्री का काफिला बालोतरा के लिए रवाना होगा।
रिफाइनरी से रोजगार की उम्मीद
दोपहर करीब 12 बजे बालोतरा में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री 1.06 लाख करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर वह एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। राज्य के उपमुख्यमंत्री प्रेम चंद्र बैरवा ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि पचपदरा रिफाइनरी से देश की ईंधन जरूरतें पूरी होंगी और स्थानीय स्तर पर युवाओं के लिए रोजगार व व्यापारियों के लिए नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया।
गुजरात में सेमीकंडक्टर फैसिलिटी का भी उद्घाटन
उपमुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि कार्यक्रम के दौरान युवाओं को प्रधानमंत्री की ओर से नियुक्ति पत्र भी वितरित किए जाएंगे। राजस्थान के अलावा, प्रधानमंत्री गुजरात का भी दौरा करेंगे, जहाँ वे भारत की पहली सेमीकंडक्टर असेंबली और टेस्टिंग सुविधाओं में से एक का उद्घाटन करेंगे। यह दौरा विमानन, शहरी परिवहन, ऊर्जा और सेमीकंडक्टर जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर विकास पर केंद्रित है।
इनपुट: IANS



