ग्रेटर नोएडा PNB ब्रांच में करोड़ों की धोखाधड़ी? ग्राहकों का आरोप- खाते से गायब हुए लाखों, बैंक ने पूरा स्टाफ बदला
ग्रेटर नोएडा स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की एक शाखा में कई ग्राहकों ने अपने खातों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का गंभीर आरोप लगाया है। ग्राहकों का कहना है कि उनकी जानकारी के बिना उनके खातों से बड़ी…
ग्रेटर नोएडा स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की एक शाखा में कई ग्राहकों ने अपने खातों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का गंभीर आरोप लगाया है। ग्राहकों का कहना है कि उनकी जानकारी के बिना उनके खातों से बड़ी रकमें निकाल ली गईं। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, यह मामला सेक्टर पाई-1 ब्रांच का है, जहां गड़बड़ी सामने आने के बाद कथित तौर पर पूरे स्टाफ को बदल दिया गया है।
प्रभावित खाताधारकों ने बताया कि जब उन्होंने बैंक से संपर्क किया, तो उन्हें राशि वापस करने के लिए सिर्फ आश्वासन ही मिला है। हालांकि, PNB की तरफ से इस मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
ग्राहकों ने बताई अपनी आपबीती
इस ब्रांच में खाता रखने वाले सोनू ने IANS को बताया कि उनके अकाउंट से करीब 90 लाख रुपये गायब हैं। बैंक ने पैसे गायब होने का कोई ठोस कारण तो नहीं बताया, लेकिन यह भरोसा दिया है कि राशि जल्द ही वापस आ जाएगी।
एक अन्य व्यक्ति राहुल ने एजेंसी को जानकारी दी कि उनकी मां के खाते से लगभग 51 लाख रुपये निकाल लिए गए। उन्होंने कहा कि खाते में मोबाइल नंबर दर्ज नहीं होने के कारण उन्हें इस अनधिकृत लेनदेन की समय पर सूचना नहीं मिल सकी।
इसी तरह, सोनू सागर ने बताया कि उनके पिता के खाते में करीब 88 लाख रुपये थे, लेकिन अब स्टेटमेंट निकालने पर सिर्फ 1.29 हजार रुपये ही बचे हैं। उन्होंने दावा किया कि यह हेरफेर कई सालों से चल रहा था। उनके अनुसार, 6 जून, 2025 को ही उनके पिता के खाते से 25 लाख, 20 लाख, 5 लाख और 21 लाख रुपये की कई निकासी की गईं।
पुलिस में शिकायत और बैंक का रुख
इस मामले को लेकर PNB के खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई गई है। IANS द्वारा देखी गई शिकायत कॉपी के अनुसार, एक खाताधारक ने बताया कि गड़बड़ी का पता चलने पर जब वह बैंक पहुंचे तो कर्मचारियों ने उन्हें एक-दो दिन बाद आने को कहा। लेकिन जब वह दोबारा गए तो शाखा में कोई संबंधित अधिकारी मौजूद नहीं था और सामान्य बैंकिंग कामकाज भी ठप पड़ा था।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि ब्रांच मैनेजर निशा तिरकी ने 26 अक्टूबर को बताया कि पूरी ब्रांच को सस्पेंड कर दिया गया है।
इनपुट: IANS



