गुजरात का साणंद बना सेमीकंडक्टर हब: PM मोदी करेंगे CG सेमी के चिप प्लांट का उद्घाटन
भारत के सेमीकंडक्टर मिशन में एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार (4 जुलाई) को गुजरात के साणंद में सीजी सेमी के नए चिप प्लांट का शुभारंभ करेंगे। समाचार एजेंसी IANS की
भारत के सेमीकंडक्टर मिशन में एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार (4 जुलाई) को गुजरात के साणंद में सीजी सेमी के नए चिप प्लांट का शुभारंभ करेंगे। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस उद्घाटन के साथ ही यह प्लांट व्यावसायिक उत्पादन शुरू कर देगा और यहाँ बनी सेमीकंडक्टर चिप्स की आपूर्ति देश और दुनिया के ग्राहकों को की जाएगी।
यह प्लांट आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली और टेस्ट (OSAT) सुविधा है, जिसका सीधा मतलब है कि यहाँ चिप की टेस्टिंग और पैकेजिंग का महत्वपूर्ण काम किया जाएगा ताकि वे बाज़ार में इस्तेमाल के लिए तैयार हो सकें। कभी ऑटोमोबाइल हब के तौर पर पहचाना जाने वाला साणंद अब माइक्रोन और केन्स सेमीकॉन के बाद सीजी सेमी के प्लांट के साथ भारत के पहले 'चिप पैकेजिंग क्लस्टर' के रूप में उभर रहा है।
7600 करोड़ का निवेश और 5000 नौकरियां
सीजी पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस की इस सब्सिडियरी कंपनी ने इस अत्याधुनिक प्लांट को स्थापित करने में 7600 करोड़ रुपये का निवेश किया है। इस प्रोजेक्ट में जापान की रेनेसास इलेक्ट्रॉनिक्स और थाईलैंड की स्टार माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स भी भागीदार हैं। कंपनी में फिलहाल 300 से ज्यादा कर्मचारी काम कर रहे हैं, और अगले पांच वर्षों में 5000 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
चिप उत्पादन क्षमता और तकनीक
सीजी सेमी का एक और प्लांट निर्माणाधीन है। दोनों प्लांट मिलकर हर दिन 1.5 करोड़ चिप्स का उत्पादन करने की क्षमता रखेंगे। यहाँ पारंपरिक QFN (क्वाड फ्लैट नो-लीड) और आधुनिक FC-BGA (फ्लिप चिप बॉल ग्रिड ऐरे) जैसी चिप्स का निर्माण होगा, जिनका इस्तेमाल ऑटोमोटिव, इलेक्ट्रॉनिक्स, 5जी उपकरण और इंडस्ट्रियल सेक्टर में किया जाएगा।
उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री मोदी के साथ केंद्रीय आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहेंगे। इस मौके पर प्रधानमंत्री प्लांट का निरीक्षण करने के बाद एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
गुजरात बन रहा सेमीकंडक्टर का पावरहाउस
यह प्रोजेक्ट केंद्र सरकार के 'इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन' का हिस्सा है, जिसे फरवरी 2024 में कैबिनेट की मंजूरी मिली थी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि भारत सेमीकंडक्टर की पूरी वैल्यू चेन पर ध्यान केंद्रित कर रहा है, जिसमें डिजाइन से लेकर लॉजिस्टिक्स तक सब कुछ शामिल है। गुजरात इस मिशन में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। राज्य ने देश में सबसे पहले समर्पित सेमीकंडक्टर नीति की घोषणा की थी और यहाँ इस क्षेत्र में कुल 14.7 बिलियन डॉलर के निवेश वाले 6 प्रोजेक्ट्स को मंजूरी मिल चुकी है।
इनपुट: IANS



