प्रधानमंत्री मोदी वाराणसी में: अरविंद टेक्सटाइल्स मिल का उद्घाटन और नमो घाट पर वायुसेना का एयर शो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार, 25 अक्टूबर को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर पहुंचे। इस यात्रा का मुख्य केंद्र औद्योगिक विकास और भारतीय वायुसेना की शक्ति का प्रदर्शन है। समाचार एजेंसी IANS…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार, 25 अक्टूबर को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर पहुंचे। इस यात्रा का मुख्य केंद्र औद्योगिक विकास और भारतीय वायुसेना की शक्ति का प्रदर्शन है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, प्रधानमंत्री यहां मिर्जामुराद के खोचवां में स्थित अरविंद टेक्सटाइल्स मिल का लोकार्पण करेंगे और नमो घाट पर आयोजित एक एयर शो में शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री के खोचवां पहुंचने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल ने उनकी अगवानी की। इस मौके पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद रहेंगे। यह दौरा औद्योगिक प्रगति के साथ-साथ महिला रोजगार को बढ़ावा देने के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
शहर में सुरक्षा और उत्साह का माहौल
प्रधानमंत्री की यात्रा को देखते हुए वाराणसी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बाबतपुर एयरपोर्ट से लेकर अरविंद टेक्सटाइल्स मिल और नमो घाट तक के पूरे इलाके में सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है और चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। शहर के कई हिस्सों में यातायात सुचारू रखने के लिए रूट डायवर्जन भी लागू किया गया है।
इस दौरे को लेकर स्थानीय लोगों में काफी उत्साह है। नमो घाट पर भारतीय वायुसेना के विमानों की कलाबाजियां देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुट रहे हैं। घाट की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग कर लोगों को कतारों में भेजा जा रहा है।
सजावट और स्वागत की तैयारियां
प्रधानमंत्री के आगमन के उपलक्ष्य में शहर को विशेष रूप से सजाया गया है। एयरपोर्ट से नमो घाट तक के प्रमुख चौराहों, पार्कों और सड़कों पर सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों को दर्शाने वाले होर्डिंग और बैनर लगाए गए हैं। भाजपा की योजना के तहत पुलिस लाइन में युवा प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे।
इनपुट: IANS



