नांदेड़ सड़क हादसा: प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों के लिए ₹2-2 लाख की सहायता राशि घोषित की
महाराष्ट्र के नांदेड़ में एक भीषण सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने…
महाराष्ट्र के नांदेड़ में एक भीषण सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी दी कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता दी जाएगी।
घोषणा के मुताबिक, इस हादसे में मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के निकटतम परिजन को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि मिलेगी। इसके अलावा, हादसे में घायल हुए लोगों को 50,000 रुपये की आर्थिक मदद प्रदान की जाएगी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "महाराष्ट्र के नांदेड़ में हुए हादसे में लोगों की मौत से दुखी हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं।"
गुरुवार शाम को हुआ था भीषण हादसा
यह दर्दनाक घटना गुरुवार शाम को नांदेड़-भोकर हाईवे पर वाकद गांव के पास सीताखंडी इलाके में हुई। एक ट्रक और एक टाटा मैजिक वैन के बीच आमने-सामने की सीधी टक्कर हो गई, जिसमें कम से कम 8 यात्रियों की मौत हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, टाटा मैजिक वैन नांदेड़ से भोकर की ओर जा रही थी और उसमें कुल 12 लोग सवार थे। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए और वह सड़क से दूर जा गिरी। ट्रक का अगला हिस्सा भी इस हादसे में क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
इनपुट: IANS



