मंगलवार, 21 जुलाई 2026 · नई दिल्ली
राजनीति

छात्रों पर लाठीचार्ज: राहुल गांधी समेत विपक्षी सांसदों का PM आवास के पास धरना, जितेंद्र सिंह ने की बातचीत

दिल्ली में छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस सांसदों ने प्रधानमंत्री आवास के पास धरना दिया। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में इस प्रदर्शन में कांग्रेस…

छात्रों पर लाठीचार्ज: राहुल गांधी समेत विपक्षी सांसदों का PM आवास के पास धरना, जितेंद्र सिंह ने की बातचीत
(फोटो: IANS)

दिल्ली में छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस सांसदों ने प्रधानमंत्री आवास के पास धरना दिया। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में इस प्रदर्शन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई अन्य सांसद भी शामिल हुए। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह ने प्रदर्शन स्थल पर पहुंचकर राहुल गांधी से बातचीत की और उनसे प्रदर्शन समाप्त करने की अपील की।

विज्ञापन

यह विरोध प्रदर्शन सोमवार को जंतर-मंतर पर 'कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) के संसद मार्च में शामिल छात्रों पर दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ किया गया था। प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी और अन्य सांसद जमीन पर बैठ गए और उन्होंने प्रधानमंत्री व केंद्रीय गृह मंत्री के इस्तीफे की मांग की। सुरक्षा के लिहाज से मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।

सांसदों ने क्या कहा?

धरने के दौरान राहुल गांधी ने कहा, “हमने लोकसभा अध्यक्ष से मुलाकात कर संसद में छात्रों के मुद्दे पर चर्चा कराने की मांग की थी। लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि इस पर चर्चा कराने के लिए उन्हें सरकार से अनुमति लेनी होगी। यह छात्रों के भविष्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा है।” उन्होंने आगे कहा, “न्याय की मांग कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया जा रहा है और उनके साथ मारपीट की जा रही है। प्रधानमंत्री ने अब तक उनसे माफी तक नहीं मांगी है। देश के युवा ध्वस्त हो चुकी शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। प्रधानमंत्री इस पर मौन क्यों हैं? उन्हें छात्रों से माफी मांगनी चाहिए और छात्रों पर हो रहे इस दमन को तत्काल रोकना चाहिए।”

कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने एजेंसी से बातचीत में कहा कि वे छात्रों पर हुए अत्याचार, लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़े जाने के विरोध में आए हैं। उन्होंने कहा, “हम उन छात्रों के समर्थन में भी यहां आए हैं, जो अस्पतालों में भर्ती हैं और जिनके माता-पिता बहुत परेशान हैं।” वहीं, सांसद नासिर हुसैन ने कहा कि जब मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी संसद में यह मुद्दा उठाना चाह रहे थे, तब उन्हें अपनी बात नहीं रखने दी गई, जिसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरना देने का फैसला किया।

इनपुट: IANS

N

News4Social राजनीति डेस्क

News4Social राजनीति डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से राजनीति और चुनाव से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →