पीलीभीत: रिश्तेदारी में जा रहे परिवार की कार को डंपर ने रौंदा, 3 लोगों की दर्दनाक मौत
उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में सोमवार दोपहर एक तेज रफ्तार डंपर और कार के बीच हुई भीषण टक्कर में एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। समाचार एजेंसी IANS की…
उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में सोमवार दोपहर एक तेज रफ्तार डंपर और कार के बीच हुई भीषण टक्कर में एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह दर्दनाक हादसा पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-730 पर हुआ, जब उत्तराखंड का एक परिवार अपनी रिश्तेदारी में जा रहा था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड के सितारगंज स्थित शक्तिफार्म के निवासी एक कार में सवार होकर पलिया की ओर जा रहे थे। जब उनकी गाड़ी पिपरिया मोड़ पर तिवारी पेट्रोल पंप के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे एक डंपर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार साधना गायन, उनकी सास और चालक तारक की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस की कार्रवाई और घायलों की स्थिति
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। अपर पुलिस अधीक्षक हिमांशु गौरव ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे यूपी 112 पर इस दुर्घटना की जानकारी मिली थी। कार में कुल पांच लोग सवार थे। पुलिस ने सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पूरनपुर पहुंचाया, जहां से गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
डंपर चालक हिरासत में, जांच जारी
अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना का कारण बने डंपर को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया शुरू कर दी है और उनके परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है। फिलहाल, मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
इनपुट: IANS



