PFRDA में ऑफिसर बनने का मौका, 30 पदों के लिए आवेदन की आखिरी तारीख 24 सितंबर
अगर आप पेंशन नियामक संस्था में सरकारी नौकरी की तलाश में हैं, तो आपके लिए एक अहम अवसर है। पेंशन फंड रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (PFRDA) ने ऑफिसर ग्रेड ‘ए’ (असिस्टेंट मैनेजर) के 30 पदों पर भर्ती के…
अगर आप पेंशन नियामक संस्था में सरकारी नौकरी की तलाश में हैं, तो आपके लिए एक अहम अवसर है। पेंशन फंड रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (PFRDA) ने ऑफिसर ग्रेड ‘ए’ (असिस्टेंट मैनेजर) के 30 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 24 सितंबर है, इसलिए इच्छुक उम्मीदवारों को जल्द से जल्द प्रक्रिया पूरी कर लेनी चाहिए।
PFRDA में यह भर्ती कुल चार अलग-अलग स्ट्रीम के लिए की जा रही है। इसमें सबसे ज्यादा 25 पद जनरल स्ट्रीम के लिए हैं। इसके अलावा, रिसर्च और एक्चुअरी स्ट्रीम के लिए 2-2 पद और राजभाषा (आधिकारिक भाषा) के लिए 1 पद आरक्षित है। आवेदन प्रक्रिया 3 सितंबर से ही PFRDA की आधिकारिक वेबसाइट पर शुरू हो चुकी है।
कौन कर सकता है आवेदन?
शैक्षणिक योग्यता: हर स्ट्रीम के लिए शैक्षणिक योग्यता अलग-अलग निर्धारित की गई है।
- जनरल: किसी भी विषय में मास्टर डिग्री या दो साल का पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा। इसके अलावा लॉ या इंजीनियरिंग में बैचलर डिग्री वाले भी पात्र हैं। ICAI, ICSI, ICMAI या CFA इंस्टीट्यूट की डिग्री धारक भी आवेदन कर सकते हैं।
- रिसर्च: इकोनॉमिक्स, कॉमर्स, फाइनेंस, स्टैटिस्टिक्स, डेटा साइंस या संबंधित क्षेत्रों में मास्टर डिग्री या दो साल का पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा।
- एक्चुअरी: ग्रेजुएशन के साथ इंस्टीट्यूट ऑफ एक्चुअरीज ऑफ इंडिया (IAI) की परीक्षा के सभी सात 'कोर प्रिंसिपल्स' विषयों में पास होना अनिवार्य है।
- राजभाषा: हिंदी या अंग्रेजी में मास्टर डिग्री, जिसमें ग्रेजुएशन स्तर पर क्रमशः अंग्रेजी या हिंदी एक विषय रहा हो।
चयन प्रक्रिया और सैलरी
योग्य उम्मीदवारों का चयन तीन चरणों की प्रक्रिया के आधार पर होगा, जिसमें ऑनलाइन स्क्रीनिंग, दो चरणों में ऑनलाइन परीक्षा (फेज-I और फेज-II) और अंत में एक इंटरव्यू शामिल है। फेज-I की परीक्षा 15 अक्टूबर 2026 को और फेज-II की परीक्षा 20 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। चयनित होने पर उम्मीदवारों को प्रति माह 62,500 रुपये से लेकर 1,26,100 रुपये तक की सैलरी के साथ अन्य भत्ते और लाभ भी मिलेंगे।
कैसे करें आवेदन?
उम्मीदवारों को PFRDA की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन पत्र भरना होगा। सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए आवेदन शुल्क 1,000 रुपये है, जिसका भुगतान ऑनलाइन करना होगा। वहीं, एससी, एसटी, पीडब्ल्यूबीडी और पूर्व-सैनिक उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क में छूट दी गई है।
इनपुट: IANS



