पटना: पार्टी के बाद चार दोस्तों की संदिग्ध मौत, जहरीली शराब का शक
बिहार की राजधानी पटना में एक साथ हुई चार युवकों की मौत से हड़कंप मच गया है। रविवार को हुई एक पार्टी के बाद चारों की तबीयत बिगड़ी और उन्होंने दम तोड़ दिया। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, ग्रामीणों ने…
बिहार की राजधानी पटना में एक साथ हुई चार युवकों की मौत से हड़कंप मच गया है। रविवार को हुई एक पार्टी के बाद चारों की तबीयत बिगड़ी और उन्होंने दम तोड़ दिया। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, ग्रामीणों ने जहरीली शराब पीने की आशंका जताई है, हालांकि पुलिस अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
यह घटना पटना के बाढ़ अनुमंडल स्थित बेढ़ना गांव के सैदपुर मोहल्ले की है। बताया जा रहा है कि चारों युवक एनटीपीसी में काम करते थे और रविवार को उन्होंने साथ मिलकर एक नॉनवेज पार्टी की थी। इस दौरान मछली, रोटी और चावल के साथ उन्होंने कथित तौर पर शराब भी पी थी।
कैसे बिगड़ी तबीयत?
पार्टी के कुछ ही देर बाद विकास, शशि, पंकज और रिशु नाम के इन चारों युवकों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और वे बेहोश हो गए। आनन-फानन में परिजन और स्थानीय लोग उन्हें बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल ले गए। अस्पताल की चिकित्सक डॉ. श्रेया शेखर ने बताया कि जब युवकों को लाया गया, तब उनकी हालत बेहद गंभीर थी।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद चारों को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। हालांकि, रास्ते में ही चारों की मौत हो गई। डॉक्टरों का शुरुआती अनुमान है कि किसी जहरीले या नशीले पदार्थ के सेवन से उनकी हालत बिगड़ी थी।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम और विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि युवकों ने किस पदार्थ का सेवन किया था।
इनपुट: IANS



