झारखंड: पेपर लीक को हेमंत सोरेन ने बताया 'राष्ट्रीय संकट', कहा- गृह मंत्री से भी बात करूँगा
झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि यह समस्या अब केवल राज्य तक सीमित नहीं है, बल्कि एक राष्ट्रीय संकट का रूप लेती जा रही है। समाचार एजेंसी IANS के…
झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि यह समस्या अब केवल राज्य तक सीमित नहीं है, बल्कि एक राष्ट्रीय संकट का रूप लेती जा रही है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अगर ज़रूरत पड़ी तो वह इस मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री से भी बात करेंगे।
छात्रों के आंदोलन के बीच 24 घंटे में दूसरी बार बयान देते हुए सीएम सोरेन ने सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने कहा, “सरकार के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं। जिनकी भी सरकार से कोई मांग है, वे अपनी बात रख सकते हैं। सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करेगी।”
जांच और कार्रवाई का भरोसा
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के साथ किसी भी तरह का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार पूरे मामले पर गंभीरता से नज़र बनाए हुए है और संबंधित एजेंसियां इसकी जांच कर रही हैं। सोरेन के मुताबिक, सरकार जांच प्रक्रिया की लगातार निगरानी कर रही है और ठोस नतीजे आने पर कार्रवाई की जाएगी।
हेमंत सोरेन ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि देश के कई अन्य राज्यों में भी पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं, लेकिन वहां कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
राज्यपाल से मुलाकात
बुधवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से लोकभवन में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्यपाल को राज्य की मौजूदा स्थिति और छात्रों से जुड़े पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्यपाल ने हाल ही में दिल्ली में प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री से मुलाकात के दौरान भी राज्य से जुड़े विषयों पर चर्चा की थी।
वहीं, राजभवन की ओर से जारी एक बयान में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने परीक्षा प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने पर ज़ोर दिया। उन्होंने कहा कि भर्ती आयोगों की विश्वसनीयता पर कोई सवाल नहीं उठना चाहिए। मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को भरोसा दिलाया कि सरकार छात्रों को न्याय दिलाने और निष्पक्ष कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।
इनपुट: IANS



