पाकिस्तान: पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी, अब हर दिन तय होंगे नए दाम
पाकिस्तान में आम जनता पर महंगाई की एक और मार पड़ी है। सरकार ने पेट्रोल और हाई-स्पीड डीजल (HSD) की कीमतों में उल्लेखनीय वृद्धि की है, जिसके बाद देश में ईंधन के दाम अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गए हैं…
पाकिस्तान में आम जनता पर महंगाई की एक और मार पड़ी है। सरकार ने पेट्रोल और हाई-स्पीड डीजल (HSD) की कीमतों में उल्लेखनीय वृद्धि की है, जिसके बाद देश में ईंधन के दाम अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गए हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, पेट्रोल 5.44 पाकिस्तानी रुपये (PKR) महंगा होकर 316.15 रुपये प्रति लीटर हो गया है, जबकि डीजल की कीमत में 31.05 रुपये की भारी बढ़ोतरी के साथ यह 354.35 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गई है।
यह मूल्य वृद्धि शनिवार से लागू हो गई है और फिलहाल 20 जुलाई तक प्रभावी रहेगी। सरकार ने ईंधन की कीमतों को लेकर एक और बड़ा फैसला किया है। अब कीमतें साप्ताहिक समीक्षा के बजाय अंतरराष्ट्रीय बाजार के उतार-चढ़ाव के आधार पर रोजाना तय की जाएंगी। यह कदम ईरान-अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव और वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आए उछाल को देखते हुए उठाया गया है।
अब हर दिन बदलेंगी कीमतें
पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने घोषणा की कि प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्रिमंडल ने ऑयल एंड गैस रेगुलेटरी अथॉरिटी (OGRA) को यह जिम्मेदारी सौंपी है। डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, OGRA अब हर दिन अपनी वेबसाइट पर नई कीमतें और उनके निर्धारण का आधार सार्वजनिक करेगा। बता दें कि पाकिस्तान सरकार मार्च की शुरुआत से ही हर सप्ताह कीमतों की समीक्षा कर रही थी।
डीलरों का विरोध और जनता पर असर
सरकार के इस फैसले का ऑल पाकिस्तान डीलर्स एसोसिएशन ने विरोध किया है। संगठन ने कहा है कि वह अगले सप्ताह इस मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन की रणनीति तैयार करेगा। पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर निजी वाहन, मोटरसाइकिल और ऑटो-रिक्शा इस्तेमाल करने वाले मध्यम और निम्न-मध्यम वर्ग पर पड़ता है। वहीं, डीजल का उपयोग भारी परिवहन, बिजली संयंत्रों और बड़े जनरेटरों में होता है, जिससे माल ढुलाई और आवश्यक वस्तुओं की कीमतें भी प्रभावित हो सकती हैं। सरकार वर्तमान में पेट्रोल और डीजल पर कस्टम ड्यूटी, पेट्रोलियम लेवी और अन्य शुल्कों के रूप में लगभग 105 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर वसूल रही है।
इनपुट: IANS



