ONGC में 3000 से ज़्यादा अप्रेंटिस पदों पर भर्ती, 20 नवंबर तक मौका
सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन लिमिटेड (ONGC) ने देशभर में अपने विभिन्न केंद्रों के लिए 3,047 अप्रेंटिस पदों पर भर्ती की घोषणा की है। अगर आप अपने पेशेवर करियर की शुरुआत करने…
सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन लिमिटेड (ONGC) ने देशभर में अपने विभिन्न केंद्रों के लिए 3,047 अप्रेंटिस पदों पर भर्ती की घोषणा की है। अगर आप अपने पेशेवर करियर की शुरुआत करने का अवसर तलाश रहे हैं, तो 20 नवंबर तक इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, आवेदन प्रक्रिया 29 अक्टूबर से ही शुरू हो चुकी है।
इच्छुक उम्मीदवार राष्ट्रीय शिक्षुता प्रोत्साहन योजना (NAPS) या राष्ट्रीय शिक्षुता प्रशिक्षण योजना (NATS) के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। इन भर्तियों के लिए कोई परीक्षा नहीं होगी और चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा।
पात्रता और आयु सीमा
इन पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम 24 वर्ष होनी चाहिए। आयु की गणना 29 नवंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। हालांकि, आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार ऊपरी आयु सीमा में छूट मिलेगी।
शैक्षणिक योग्यता पद और ट्रेड के अनुसार अलग-अलग है। इसमें 10वीं पास, 12वीं, संबंधित ट्रेड में आईटीआई, B.Com, BBA, B.Sc (केमिस्ट्री), इंजीनियरिंग में डिप्लोमा या डिग्री और जियोलॉजी विषय के साथ ग्रेजुएशन जैसी योग्यताएं शामिल हैं।
चयन प्रक्रिया और स्टाइपेंड
आवेदनों की जांच और दस्तावेज़ सत्यापन के बाद मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी। शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को उनके रजिस्टर्ड ईमेल पते पर सूचना दी जाएगी। चयन के बाद, अप्रेंटिस को प्रति माह ₹8,200 से ₹12,300 के बीच स्टाइपेंड मिलेगा।
किस रीजन में कितनी रिक्तियां
ONGC ने इन 3,047 पदों को अलग-अलग क्षेत्रों में बांटा है। सबसे अधिक 1,166 पद पश्चिमी क्षेत्र में हैं। इसके अलावा, पूर्वी क्षेत्र में 674, मुंबई क्षेत्र में 482, दक्षिणी क्षेत्र में 269, केंद्रीय क्षेत्र में 267 और उत्तरी क्षेत्र में 191 पद हैं। भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए उम्मीदवारों को ONGC की आधिकारिक वेबसाइट देखने की सलाह दी जाती है।
इनपुट: IANS



