परीक्षाओं में सुधार की बड़ी पहल: NTA में हो रहीं 4 महाप्रबंधकों और 16 यंग प्रोफेशनल्स की भर्तियां
हालिया विवादों के बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) में सुधार की प्रक्रिया ज़मीन पर उतरने लगी है। एक उच्च-स्तरीय समिति की सिफारिशों पर अमल करते हुए NTA ने अपने संगठनात्मक ढांचे को मज़बूत करने की दिशा…
हालिया विवादों के बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) में सुधार की प्रक्रिया ज़मीन पर उतरने लगी है। एक उच्च-स्तरीय समिति की सिफारिशों पर अमल करते हुए NTA ने अपने संगठनात्मक ढांचे को मज़बूत करने की दिशा में पहला ठोस कदम उठाया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, एजेंसी ने चार महाप्रबंधक (General Manager) के वरिष्ठ पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी है, साथ ही 16 युवा पेशेवरों (Young Professionals) की भी भर्ती की जाएगी।
यह पुनर्गठन प्रोफेसर के. राधाकृष्णन की अध्यक्षता वाली विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट के आधार पर हो रहा है, जिसका उद्देश्य NTA की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी और कुशल बनाना है।
वरिष्ठ पदों पर नई नियुक्तियां
NTA ने अनुबंध के आधार पर चार अलग-अलग विशेषज्ञता वाले महाप्रबंधकों के लिए विज्ञापन जारी किया है। इन पदों पर शुरुआती नियुक्ति तीन साल के लिए होगी। इन अधिकारियों की भूमिका परीक्षा प्रणाली के विभिन्न पहलुओं को बेहतर बनाने की होगी।
- मूल्यांकन और शोध: एक महाप्रबंधक (असेसमेंट रिसर्च एंड डेवलपमेंट एंड साइकोमेट्रिक्स) प्रश्न बैंक बनाने, नॉर्मलाइजेशन की प्रक्रिया विकसित करने और AI-आधारित मूल्यांकन प्रणाली पर काम करने जैसे अकादमिक कार्यों का नेतृत्व करेंगे। इस पद के लिए संबंधित विषय में पीएचडी और 12 साल का अनुभव अनिवार्य है।
- परीक्षा केंद्र संचालन: दूसरे महाप्रबंधक (टेस्ट सेंटर नेटवर्क एंड ऑपरेशंस) देश भर के 500 से ज्यादा शहरों और विदेशी केंद्रों में परीक्षा संचालन की ज़िम्मेदारी संभालेंगे। इसमें केंद्रों की गुणवत्ता, दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए सुविधाएं और ज़िला प्रशासन के साथ समन्वय शामिल है।
- सूचना सुरक्षा: तीसरे महाप्रबंधक (इन्फॉर्मेशन सिक्योरिटी) मुख्य सूचना सुरक्षा अधिकारी के तौर पर काम करेंगे। वे NTA के सभी डिजिटल सिस्टम और डेटा की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे तथा डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन एक्ट जैसे कानूनों का अनुपालन देखेंगे।
- सतर्कता और जांच: चौथे महाप्रबंधक (विजिलेंस, इन्वेस्टिगेशन एंड फॉरेंसिक्स) परीक्षा में होने वाली गड़बड़ियों की आंतरिक जांच और डिजिटल फॉरेंसिक गतिविधियों का नेतृत्व करेंगे।
युवा पेशेवरों को भी मिलेगा मौका
वरिष्ठ पदों के अलावा, NTA संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) के 'प्रतिभा सेतु' पोर्टल के माध्यम से 16 यंग प्रोफेशनल्स की भी नियुक्ति कर रहा है। इन पेशेवरों को परीक्षा प्रबंधन, तकनीकी सुधार, डेटा विश्लेषण और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को और मजबूत बनाने के काम में लगाया जाएगा।
इनपुट: IANS



