AIAPGET 2026: जयपुर में बिजली गुल होने से 49 छात्र नहीं दे पाए परीक्षा, NTA ने एजेंसी को किया सस्पेंड
आयुष पीजी कोर्सेज़ में दाखिले के लिए हुई अखिल भारतीय आयुष स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षा (एआईएपीजीईटी) के दौरान जयपुर के एक केंद्र पर गंभीर लापरवाही सामने आई है। बिजली चले जाने के कारण 49 उम्मीदवार अपनी…
आयुष पीजी कोर्सेज़ में दाखिले के लिए हुई अखिल भारतीय आयुष स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षा (एआईएपीजीईटी) के दौरान जयपुर के एक केंद्र पर गंभीर लापरवाही सामने आई है। बिजली चले जाने के कारण 49 उम्मीदवार अपनी परीक्षा पूरी नहीं कर सके, जिसके बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने सख्त कदम उठाया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, NTA ने परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी एडुक्विटी करियर टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड को कारण बताओ नोटिस जारी कर तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।
यह घटना शनिवार, 22 अगस्त 2026 को हुई, जब देश भर के 200 केंद्रों पर एआईएपीजीईटी की पहली पाली की परीक्षा आयोजित की गई थी। जयपुर के श्री सत्य साईं पीजी कॉलेज केंद्र पर कुल 192 उम्मीदवार परीक्षा दे रहे थे। इसी दौरान बिजली गुल हो गई, जिससे 49 छात्र-छात्राएं अपना पेपर पूरा नहीं कर पाए।
प्रभावित छात्रों के लिए दोबारा परीक्षा
NTA ने प्रभावित छात्रों को हुई असुविधा के लिए खेद जताते हुए उनके लिए दोबारा परीक्षा की घोषणा की है। इन 49 उम्मीदवारों की परीक्षा अब 1 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे से होगी। परीक्षा का नया केंद्र जयपुर में ही 'राजस्थान कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग फॉर वुमेन' को बनाया गया है। एजेंसी ने बताया है कि इन उम्मीदवारों के लिए संशोधित एडमिट कार्ड की जानकारी जल्द ही दी जाएगी।
एजेंसी पर हुई बड़ी कार्रवाई
NTA ने इस गड़बड़ी के लिए सीधे तौर पर एडुक्विटी करियर टेक्नोलॉजीज को जिम्मेदार ठहराया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट के जरिए NTA ने जानकारी दी कि जब तक नोटिस पर कोई अंतिम फैसला नहीं हो जाता, तब तक के लिए एडुक्विटी का एम्पैनलमेंट निलंबित रहेगा। इस परीक्षा की पहली पाली के लिए कुल 36,979 उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनमें से 35,788 की परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हो गई थी।
इनपुट: IANS



