नोएडा: पुलिस मुठभेड़ में दो कुख्यात चेन स्नैचर घायल, 2 लाख से ज़्यादा कैश बरामद
नोएडा में पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद दो शातिर चेन स्नैचरों को गिरफ्तार किया है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, ये दोनों बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गए। पकड़े गए आरोपियों, सलमान और तनवीर…
नोएडा में पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद दो शातिर चेन स्नैचरों को गिरफ्तार किया है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, ये दोनों बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गए। पकड़े गए आरोपियों, सलमान और तनवीर, के खिलाफ दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न थानों में लूट और छिनैती के 100 से ज़्यादा मामले दर्ज हैं।
यह घटना गुरुवार देर रात की है, जब सेक्टर-39 थाना पुलिस सेक्टर-43 इलाके में वाहनों की जांच कर रही थी। नोएडा के एडीसीपी ने बताया कि चेकिंग के दौरान सेक्टर-49 की रेड लाइट पर मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वे भागने लगे। कुछ दूर जाकर बारिश के कारण उनकी बाइक फिसल गई।
पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई
बाइक गिरने के बाद जब पुलिस टीम ने उन्हें घेर लिया तो दोनों बदमाशों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं, जिससे दोनों आरोपी घायल हो गए। उन्हें फौरन हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान सलमान और तनवीर के रूप में बताई। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सलमान पर 48 और तनवीर पर 54 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उनके कब्जे से 2 लाख 19 हजार रुपये नकद, दो अवैध तमंचे, कारतूस और चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी नोएडा पुलिस ने सेक्टर-63 इलाके में एक अन्य मुठभेड़ में शिवम उर्फ शुभम राजपूत नाम के अपराधी को गिरफ्तार किया था, जिसके पास से भी चोरी की बाइक और अवैध हथियार मिले थे।
इनपुट: IANS



