नोएडा-ग्रेटर नोएडा की सड़कों पर हिट हुई ई-बस सेवा, एक महीने में दोगुनी हुई यात्रियों की संख्या
नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में हाल ही में शुरू हुई सिटी ई-बस सेवा को लोगों का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। किफायती किराए और आरामदायक सफर के चलते इन बसों में यात्रा करने वालों की…
नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में हाल ही में शुरू हुई सिटी ई-बस सेवा को लोगों का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। किफायती किराए और आरामदायक सफर के चलते इन बसों में यात्रा करने वालों की संख्या तेजी से बढ़ी है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अगस्त महीने में 3.40 लाख लोगों ने इन बसों से सफर किया, जो जुलाई के 1.50 लाख के आंकड़े से दोगुने से भी ज्यादा है।
यात्रियों की संख्या में इस भारी उछाल का सीधा असर राजस्व पर भी पड़ा है, जिसमें लगभग दोगुनी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। गौरतलब है कि इन क्षेत्रों में 15 जून 2026 से कुल 100 ई-बसों का संचालन शुरू किया गया था। इनमें से 50 बसें नोएडा, 25 ग्रेटर नोएडा और 25 बसें यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के लिए निर्धारित हैं।
नए रूट और अतिरिक्त बसें जोड़ने की तैयारी
ई-बसों को मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया को देखते हुए शहरवासियों और आसपास के गांवों के लोगों ने बसों की संख्या बढ़ाने और नए रूट शुरू करने की मांग की है। इस मांग पर कार्रवाई करते हुए मौजूदा बेड़े में 25 और बसें शामिल करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके साथ ही नए रूटों के लिए सर्वे भी कराया जा रहा है, ताकि ज्यादा से ज्यादा गांवों और सेक्टरों को इस सुविधाजनक परिवहन सेवा से जोड़ा जा सके।
प्रमुख रूट और कनेक्टिविटी
वर्तमान में, नोएडा क्षेत्र की 50 बसें पांच मुख्य रूटों पर चल रही हैं। ये बसें बॉटेनिकल गार्डन से परीचौक, जेवर एयरपोर्ट, सूरजपुर कलेक्ट्रेट, गाजियाबाद नया बस अड्डा और आनंद विहार जैसे प्रमुख स्थानों को जोड़ती हैं। ये रूट शहर के महत्वपूर्ण सेक्टरों, मेट्रो स्टेशनों, व्यावसायिक केंद्रों और आवासीय इलाकों से होकर गुजरते हैं।
- रूट 1: बॉटेनिकल गार्डन से परीचौक (वाया गौर चौक, सूरजपुर)
- रूट 2: बॉटेनिकल गार्डन से जेवर एयरपोर्ट (वाया एक्सप्रेसवे, दनकौर)
- रूट 3: बॉटेनिकल गार्डन से सूरजपुर कलेक्ट्रेट (वाया बरौला, सैमसंग फेस-2)
- रूट 4: बॉटेनिकल गार्डन से नया बस अड्डा, गाजियाबाद (वाया सेक्टर-62, प्रताप विहार)
- रूट 5: बॉटेनिकल गार्डन से आनंद विहार (वाया अक्षरधाम, कौशांबी)
आमजन की सुविधा के लिए एक हेल्पलाइन नंबर 1800-180-2877 भी जारी किया गया है, जिस पर लोग बस सेवा से जुड़ी कोई भी शिकायत, समस्या या सुझाव दे सकते हैं।
इनपुट: IANS



