नोएडा: दिल्ली से बिहार जा रही बस में लगी भीषण आग, 32 यात्रियों ने कूदकर बचाई जान
नोएडा के नॉलेज पार्क इलाके में उस वक्त अफरातफरी मच गई जब दिल्ली से बिहार के मुजफ्फरपुर जा रही एक निजी बस आग के गोले में तब्दील हो गई। गनीमत रही कि बस में सवार सभी 32 यात्रियों को समय रहते सुरक्षि…
नोएडा के नॉलेज पार्क इलाके में उस वक्त अफरातफरी मच गई जब दिल्ली से बिहार के मुजफ्फरपुर जा रही एक निजी बस आग के गोले में तब्दील हो गई। गनीमत रही कि बस में सवार सभी 32 यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और इस घटना में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई। हालांकि, यात्रियों का सारा सामान जलकर खाक हो गया।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना बीएसएस कूल कूल जमुना ट्रेवल्स की बस (संख्या BR28P3433) के साथ हुई, जो दिल्ली के लाल किला से यात्रियों को लेकर चली थी। नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र से गुजरते समय बस से अचानक धुआं उठना शुरू हुआ और देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
आग के साथ धमाकों से फैली दहशत
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही देर में पूरी बस धू-धू कर जलने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग लगने के दौरान बस से धमाके जैसी आवाजें भी सुनाई दीं, जिससे यात्रियों और आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि, इन धमाकों का आधिकारिक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। यात्रियों ने किसी तरह बस से बाहर कूदकर अपनी जान बचाई।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना के कारण एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ, जिसे बाद में पुलिस ने सामान्य कराया।
जांच में पता चलेगा आग का कारण
पुलिस ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि आग किसी तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी होगी, लेकिन इसकी पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी। अधिकारियों ने बताया कि सबसे बड़ी राहत की बात यही है कि इतने बड़े हादसे के बावजूद सभी यात्री सुरक्षित हैं।
इनपुट: IANS



