NEET-PG कट-ऑफ: सुप्रीम कोर्ट में विशेषज्ञ समिति ने कहा - खाली सीटें भरने के लिए योग्यता से समझौता नहीं
नीट-पीजी 2025 की कट-ऑफ घटाने के फैसले को चुनौती देने वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस दौरान मंगलवार को एक 12-सदस्यीय विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट अदालत में…
नीट-पीजी 2025 की कट-ऑफ घटाने के फैसले को चुनौती देने वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस दौरान मंगलवार को एक 12-सदस्यीय विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट अदालत में पेश की गई, जिसमें मेडिकल शिक्षा के न्यूनतम मानकों को बनाए रखने पर जोर दिया गया है।
रिपोर्ट में समिति ने स्पष्ट किया है कि सिर्फ खाली सीटों को भरने के लिए पोस्ट-ग्रेजुएट मेडिकल शिक्षा के न्यूनतम योग्यता मानकों में कोई ढील नहीं दी जानी चाहिए। इस रिपोर्ट को सभी पक्षों को सौंपने का निर्देश देते हुए अदालत ने याचिकाकर्ताओं से इस पर अपना जवाब दाखिल करने को कहा है।
रैंक-आधारित सिस्टम का प्रस्ताव
विशेषज्ञ समिति ने 2027 से एक बड़े बदलाव का भी प्रस्ताव रखा है। इसके तहत, नीट-पीजी और नीट-सुपर स्पेशियलिटी (NEET-SS) दोनों के लिए मौजूदा पर्सेंटाइल-आधारित प्रणाली को रैंक-आधारित प्रणाली से बदला जाएगा। नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) ने इस प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है, हालांकि इससे जुड़े नियमों को अभी अंतिम रूप दिया जाना बाकी है।
NEET-PG 2025 परीक्षा का ब्योरा
नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) द्वारा आयोजित यह परीक्षा देश के सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों में एमडी, एमएस और पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए होती है।
महत्वपूर्ण तिथियां:
- परीक्षा तिथि: 3 अगस्त 2025 (सुबह 9 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक)
- परिणाम घोषणा: 3 सितंबर 2025
- एडमिट कार्ड जारी: 31 जुलाई 2025
- शहर चयन विंडो: 13 से 17 जून 2025
यह परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित की गई थी।
इनपुट: IANS



