परिसीमन बिल पर NCP (SP) का NDA को समर्थन संभव, पर INDIA गठबंधन का हिस्सा बनी रहेगी पार्टी
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने स्पष्ट किया है कि वह परिसीमन विधेयक पर सरकार का समर्थन कर सकती है, लेकिन इसके बावजूद वह विपक्षी INDIA गठबंधन का एक 'अविभाज्य और अहम' हिस्सा बनी रहेगी…
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने स्पष्ट किया है कि वह परिसीमन विधेयक पर सरकार का समर्थन कर सकती है, लेकिन इसके बावजूद वह विपक्षी INDIA गठबंधन का एक 'अविभाज्य और अहम' हिस्सा बनी रहेगी। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, पार्टी के प्रवक्ता राज राजापुरकर ने इस मुद्दे पर कांग्रेस नेताओं द्वारा की गई बयानबाजी को जल्दबाजी और फुले-अंबेडकर विचारधारा का अपमान बताया।
राजापुरकर ने कहा, "मैं आपको एक बात बहुत स्पष्ट रूप से कह देता हूं कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) आज भी इंडी गठबंधन का एक अविभाज्य घटक है... लेकिन हमारी पार्टी ने अपनी भूमिका स्पष्ट करते हुए... यह बात रखी कि हमारी पार्टी परिसीमन बिल का समर्थन करेगी।" उन्होंने यह भी बताया कि पार्टी की सांसद और वरिष्ठ नेता सुप्रिया सुले लोकसभा में सोमवार को पार्टी का अंतिम रुख स्पष्ट करेंगी।
गठबंधन में समन्वय पर सवाल
प्रवक्ता ने गठबंधन के भीतर समन्वय की कमी की ओर भी इशारा किया। उन्होंने कहा कि कोई भी निर्णय लेने से पहले INDIA गठबंधन के सहयोगियों को DMK जैसे महत्वपूर्ण दलों से बात करनी चाहिए थी। राजापुरकर के अनुसार, "जब आपको वह मैजिक फिगर हासिल करना होता है, तो उसे हासिल करने के लिए गठबंधन के सभी लोगों और सभी दलों को साथ लेकर चलना पड़ता है... जो डीएमके है, पहले इंडी गठबंधन के लोगों को डीएमके से बात करनी चाहिए थी, लेकिन उनसे बात किए बिना... यदि कोई निर्णय लिया जाता है तो मुझे लगता है कि यह गलती है।"
कांग्रेस नेताओं की टिप्पणी पर आपत्ति
राज राजापुरकर ने शरद पवार के खिलाफ कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार और अन्य की टिप्पणियों पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा, "जिस प्रकार आपने हमारे वरिष्ठ नेता शरदचंद्र पवार और हमारी पार्टी की विचारधारा, जो फुले-अंबेडकर की विचारधारा है, उसका अपमान और अनादर किया, वह उचित नहीं था।" उन्होंने कहा कि अब वे माफी मांगने की बात कर रहे हैं, लेकिन किसी भी नेता को बयान देने से पहले अपने वरिष्ठों से सलाह लेनी चाहिए।
शरद पवार का स्वास्थ्य और NDA की स्थिति
राजापुरकर ने यह भी जानकारी दी कि पिछले कुछ दिनों से पार्टी प्रमुख शरद पवार का स्वास्थ्य ठीक नहीं है और वे ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती हैं। उन्होंने कहा, "उनकी स्थिति नाजुक है... ऐसे हालात में, जिस प्रकार आज ये चर्चाएं और तर्क-वितर्क हो रहे हैं। मुझे लगता है कि राहुल गांधी को सबसे पहले शरद पवार को फोन करना चाहिए था।" सदन में संख्या बल पर उन्होंने कहा कि NDA के पास लगभग 345 का आंकड़ा है और बिल पास कराने के लिए उन्हें और समर्थन की जरूरत होगी, जिसमें DMK की भूमिका अहम हो सकती है।
इनपुट: IANS



