दिल्ली: 10 साल के लंबे इंतज़ार के बाद बारापुला फेज-3 फ्लाईओवर तैयार, 29 सितंबर को अमित शाह करेंगे उद्घाटन
पूर्वी दिल्ली को दक्षिणी दिल्ली से जोड़ने वाले बहुप्रतीक्षित बारापुला फेज-3 फ्लाईओवर का निर्माण कार्य आखिरकार पूरा हो गया है। दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने शनिवार को यह जानकारी दी…
पूर्वी दिल्ली को दक्षिणी दिल्ली से जोड़ने वाले बहुप्रतीक्षित बारापुला फेज-3 फ्लाईओवर का निर्माण कार्य आखिरकार पूरा हो गया है। दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस महत्वपूर्ण परियोजना का उद्घाटन 29 सितंबर को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह करेंगे, जिसके बाद इसे आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
समाचार एजेंसी IANS के साथ बातचीत में मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने इस परियोजना के पूरा होने पर खुशी जताई। उन्होंने बताया कि यह फ्लाईओवर देश का पहला ऐसा फ्लाईओवर है, जिस पर साइकिल ट्रैक और पैदल चलने वालों के लिए भी अलग से व्यवस्था की गई है। यमुना नदी के ऊपर बना होने के कारण यह एक रिवरफ्रंट के तौर पर भी काम करेगा, जहां से नदी और हरियाली का सुंदर नज़ारा दिखाई देता है।
देरी और बढ़ी हुई लागत
इस प्रोजेक्ट को पूरा होने में लगभग 10 साल का समय लग गया, जबकि इसे तीन साल में पूरा होना था। मंत्री ने इस देरी के लिए पिछली सरकार को ज़िम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा, "पिछली सरकार तो कोई काम ही नहीं करती थी। जिसकी वजह से इसकी लागत भी बढ़ गई और कंपनी को ज्यादा पैसा भी देना पड़ा। जो प्रोजेक्ट तीन वर्ष में बनना था, उसको बनने में 10 वर्ष लग गए। यह पिछली सरकार की नाकामियां रहीं।"
प्रवेश साहिब सिंह के अनुसार, जब उनकी सरकार बनी तो उन्होंने पाया कि पिछली सरकार ने आवश्यक मंजूरियां नहीं ली थीं, जिससे काम में रुकावटें आ रही थीं। उन्होंने कहा, "सरकार बनते ही जब मैंने आकर देखा तो हमें बताया गया कि पिछली सरकार का कोई भी प्रतिनिधि यहां नहीं आया था। हमने मुख्यमंत्री से बात करके इसको प्राथमिकता पर लिया।" उन्होंने यह भी बताया कि 26 मई को निरीक्षण के दौरान उन्होंने 30 जून तक काम पूरा करने की बात कही थी, जो समय पर हुआ है।
इनपुट: IANS



