National Sports Awards 2022 : खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित हुए शरत कमल, इन खिलाड़ियों को मिला अर्जुन पुरस्कार; देखें लिस्ट

184
National Sports Awards 2022 : खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित हुए शरत कमल, इन खिलाड़ियों को मिला अर्जुन पुरस्कार; देखें लिस्ट


National Sports Awards 2022 : खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित हुए शरत कमल, इन खिलाड़ियों को मिला अर्जुन पुरस्कार; देखें लिस्ट

भारत के दिग्गज टेबल टेनिस खिलाड़ी अचंत शरत कमल को बुधवार को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा मेजर ध्यान चंद खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया। राष्ट्रमंडल खेलों के दो बार के गोल्ड मेडलिस्ट शरत इस साल खेल रत्न से सम्मानित होने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं। वह आज मणिका बत्रा के बाद यह पुरस्कार पाने वाले दूसरे टेबल टेनिस खिलाड़ी बन गए। 

उम्र को धता बताने वाले 40 वर्षीय कमल ने राष्ट्रमंडल खेल 2022 में पुरुष एकल, पुरुष टीम और मिश्रित युगल में स्वर्ण जीते। इसके अलावा उन्होंने पुरुष युगल में भी चांदी का तमगा हासिल किया। शरत के पिता श्रीनिवास राव ने केवल चार साल की उम्र में ही उनका परिचय टेबल टेनिस से करवा दिया था। अपने समय के टेबल टेनिस खिलाड़ी रहे श्रीनिवास ने भाई मुरलीधर राव के साथ मिलकर शरत को खेल की तकनीकी बारीकियां सिखाईं। साल 2002 में भारत के लिए पदार्पण करने वाले शरत 20 सालों में सात स्वर्ण, तीन रजत और तीन कांस्य सहित कुल 13 राष्ट्रमंडल पदक जीत चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने एशियाई खेल और एशियाई चैंपियनशिप में भी दो-दो कांसे के तमगे जीते हैं। 

यह आयोजन पारंपरिक रूप से हर साल 29 अगस्त को हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया जाता है लेकिन पिछले साल भी यह कार्यक्रम किसी अन्य तारीख पर आयोजित किया गया था। समारोह का मुख्य आकर्षण शरत थे जिन्होंने दरबार हॉल में मौजूद चुनिंदा गणमान्य व्यक्तियों की तालियों की गड़गड़ाहट के बीच अपना खेल रत्न पुरस्कार प्राप्त किया। खेल रत्न पिछले चार वर्षों की अवधि में एक खिलाड़ी को शानदार और सबसे उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दिया जाता है। इसमें 25 लाख रुपये का नकद पुरस्कार, एक पदक और सम्मान पत्र दिया जाता है। अर्जुन पुरस्कार में 15 लाख रुपये का नकद पुरस्कार, एक कांस्य प्रतिमा और सम्मान पत्र दिया जाता है। 

अर्जुन पुरस्कार विजेताओं के बीच स्टार आकर्षण बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य, विश्व चैंपियन मुक्केबाज जरीन, मुक्केबाज अमित पंघाल और त्रिकूद खिलाड़ी पॉल थे। ये सभी बर्मिंघम खेलों के स्वर्ण पदक विजेता हैं। 

खेल रत्न राष्ट्रपति द्वारा दिया जाने वाला पहला पुरस्कार था। इसके बाद लाइफटाइम अचीवमेंट श्रेणी में द्रोणाचार्य पुरस्कार दिया गया जो रोहित शर्मा के कोच दिनेश जवाहर लाड, फुटबॉल कोच बिमल प्रफुल्ल घोष और कुश्ती मार्गदर्शक राज सिंह को मिला। 

भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 4-3 से हराया, 2016 के बाद पहली बार वर्ल्ड कप नंबर वन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली जीत

पुरस्कार विजेताओं की सूची इस प्रकार है:

मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार 2022: अचंता शरत कमल।

अर्जुन पुरस्कार: सीमा पूनिया (एथलेटिक्स), एल्धोज पॉल (एथलेटिक्स), अविनाश मुकुंद साबले (एथलेटिक्स), लक्ष्य सेन (बैडमिंटन), एचएस प्रणय (बैडमिंटन), अमित (मुक्केबाजी), निकहत जरीन (मुक्केबाजी), भक्ति प्रदीप कुलकर्णी (शतरंज), आर प्रज्ञानानंदा (शतरंज), दीप ग्रेस एक्का (हॉकी), सुशीला देवी (जूडो), साक्षी कुमारी (कबड्डी), नयन मोनी सैकिया (लॉन बाउल), सागर कैलास ओवलकर (मल्लखंब), इलावेनिल वलारिवान (निशानेबाजी), ओमप्रकाश मिथरवाल (निशानेबाजी), श्रीजा अकुला (टेबल टेनिस), विकास ठाकुर (भारोत्तोलन), अंशु (कुश्ती), सरिता (कुश्ती), परवीन (वुशु), मानसी गिरीशचंद्र जोशी (पैरा बैडमिंटन), तरुण ढिल्लों (पैरा बैडमिंटन), स्वप्निल संजय पाटिल (पैरा तैराकी), जर्लिन अनिका जे (बिधर बैडमिंटन)।

द्रोणाचार्य पुरस्कार 2022 नियमित श्रेणी: जीवनजोत सिंह तेजा (तीरंदाजी), मोहम्मद अली कमर (मुक्केबाजी), सुमा सिद्धार्थ शिरूर (पैरा निशानेबाजी), सुजीत मान (कुश्ती)।

द्रोणाचार्य पुरस्कार लाइफटाइम अचीवमेंट श्रेणी: दिनेश जवाहर लाड (क्रिकेट), बिमल प्रफुल्ल घोष (फुटबॉल), राज सिंह (कुश्ती)।

लाइफटाइम अचीवमेंट के लिए ध्यानचंद पुरस्कार 2022: अश्विनी अकुंजी सी (एथलेटिक्स), धर्मवीर सिंह (हॉकी), बीसी सुरेश (कबड्डी), नीर बहादुर गुरुंग (पैरा एथलेटिक्स)।

राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार 2022: ट्रांसस्टेडिया एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड, कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी, लद्दाख स्की एंड स्नोबोर्ड संघ।

मौलाना अबुल कलाम आजाद ट्रॉफी 2022: गुरु नानक देव विश्वविद्यालय, अमृतसर।

तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार: नैना धाकड़ (थल साहस), शुभम धनंजय वनमाली (जल साहस), ग्रुप कैप्टन कुंवर भवानी सिंह सम्याल (लाइफ टाइम अचीवमेंट)।

(एजेंसी इनपुट)



Source link