महिला आरक्षण विधेयक: पीएम मोदी ने दोहराया अपना संकल्प, कहा- 'नारी शक्ति से किया वादा पूरा करने को प्रतिबद्ध'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण विधेयक को लेकर अपनी सरकार की प्रतिबद्धता एक बार फिर दोहराई है। शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट के माध्यम से उन्होंने कहा कि वे 'नारी…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण विधेयक को लेकर अपनी सरकार की प्रतिबद्धता एक बार फिर दोहराई है। शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट के माध्यम से उन्होंने कहा कि वे 'नारी शक्ति' को दिए गए अपने वादे को पूरा करने के लिए दृढ़ हैं। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, पीएम मोदी ने अपने इस पोस्ट के साथ अपना एक पुराना वीडियो भी साझा किया, जिसमें वे इस मुद्दे पर बात कर रहे हैं।
अपने पोस्ट में प्रधानमंत्री ने लिखा, "हमने अपनी 'नारी शक्ति' से एक वादा किया था और हम उसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।" उन्होंने आगे कहा कि उनका हौसला बुलंद, हिम्मत अटूट और इरादा अडिग है। इस घोषणा से कुछ समय पहले ही, संसद के विशेष सत्र में महिला आरक्षण विधेयक लाए जाने की चर्चाएं चल रही थीं।
कैबिनेट की मंजूरी और विधेयक का लक्ष्य
शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में परिसीमन संशोधन विधेयक और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक को मंजूरी दी गई थी। इन विधेयकों के पारित होने पर सभी राज्यों की सीटों में 50 प्रतिशत की वृद्धि और 2029 के लोकसभा चुनावों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।
पुराने वीडियो में पीएम का संदेश
पीएम मोदी द्वारा साझा किए गए वीडियो संदेश में उन्होंने कहा, "नारीशक्ति को भागीदारी दिलाने की लड़ाई दशकों से चल रही है। वर्षों से मैं भी इसके लिए प्रयास करने वालों में से एक हूं।" उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि कई महिलाएं और बहनें पत्रों के माध्यम से यह विषय उनके सामने उठाती रही हैं। वीडियो में उन्होंने विश्वास जताया कि देश की 100 प्रतिशत नारीशक्ति का आशीर्वाद उनके साथ है और वे महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाली हर रुकावट को खत्म करेंगे। उन्होंने कहा, "महिला आरक्षण का विरोध करने वाली पार्टियां, ये देश की नारी शक्ति को संसद और विधानसभाओं में उनकी भागीदारी बढ़ाने से कभी भी रोक नहीं पाएंगे, सिर्फ वक्त का इंतजार है।"
इनपुट: IANS



