नैनीताल बैंक में स्पेशलिस्ट ऑफिसर की 41 भर्तियों के लिए आवेदन का आखिरी मौका, 7 सितंबर है अंतिम तिथि
अगर आप बैंकिंग सेक्टर में विशेषज्ञ के तौर पर नौकरी करना चाहते हैं, तो आपके लिए एक जरूरी सूचना है। नैनीताल बैंक लिमिटेड में 41 स्पेशलिस्ट ऑफिसर पदों पर भर्ती के लिए आवेदन करने का सिर्फ एक दिन बचा है…
अगर आप बैंकिंग सेक्टर में विशेषज्ञ के तौर पर नौकरी करना चाहते हैं, तो आपके लिए एक जरूरी सूचना है। नैनीताल बैंक लिमिटेड में 41 स्पेशलिस्ट ऑफिसर पदों पर भर्ती के लिए आवेदन करने का सिर्फ एक दिन बचा है। इन पदों के लिए अप्लाई करने की आखिरी तारीख 7 सितंबर निर्धारित की गई है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, ये भर्तियाँ स्पेशलाइज्ड सेगमेंट में रेगुलर आधार पर की जा रही हैं।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 अगस्त से ही शुरू हो चुकी है। इच्छुक उम्मीदवार नैनीताल बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अंतिम तिथि से पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इन पदों के लिए आवेदन शुल्क 15,00 रुपए तय किया गया है, जिसका भुगतान सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को ऑनलाइन करना होगा।
किन पदों पर हो रही है भर्ती?
बैंक ने कुल 41 रिक्तियों की घोषणा की है, जो अलग-अलग ग्रेड और स्केल में हैं। इनमें ग्रेड/स्केल-I के तहत रिस्क ऑफिसर (2), एचआर ऑफिसर (3), आईटी ऑफिसर (10), डेटा साइंटिस्ट (2) और सिविल इंजीनियर (2) के पद शामिल हैं। ग्रेड/स्केल-II में मैनेजर के पदों पर भर्ती होगी, जिनमें क्रेडिट (5), लॉ (2), रिस्क (2), कंपनी सेक्रेटरी (1) और सिक्योरिटी ऑफिसर (3) के पद हैं। वहीं, ग्रेड/स्केल-III में सीनियर मैनेजर के पद हैं, जिनमें क्रेडिट (4), फॉरेक्स (2), ट्रेजरी (2) और लॉ (1) का पद शामिल है।
योग्यता और आयु सीमा
इन पदों पर आवेदन के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से संबंधित क्षेत्र में प्रथम श्रेणी में ग्रेजुएशन, एमबीए, बीई/बीटेक, पोस्ट ग्रेजुएट (एमटेक/एमई/एमसीए) या एलएलबी जैसी योग्यता होनी चाहिए। इसके साथ ही, पद के अनुसार 1 से 5 साल का कार्य अनुभव भी अनिवार्य है। आयु सीमा की गणना 1 अगस्त के आधार पर की जाएगी। आवेदकों की न्यूनतम आयु 21 से 25 वर्ष और अधिकतम आयु 32 से 28 वर्ष के बीच होनी चाहिए, जो पद के अनुसार अलग-अलग है। आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट दी जाएगी।
चयन प्रक्रिया और वेतन
योग्य उम्मीदवारों का चयन आवेदनों की स्क्रीनिंग, लिखित परीक्षा, इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा। लिखित परीक्षा अक्टूबर में आयोजित होने की संभावना है, जिसके लिए हल्द्वानी, देहरादून, लखनऊ और दिल्ली/एनसीआर में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। अंतिम रूप से चयनित होने पर ऑफिसर (ग्रेड/स्केल-I) को 48,480 से 85,920 रुपए, मैनेजर (ग्रेड/स्केल-II) को 64,820 से 93,960 रुपए और सीनियर मैनेजर (ग्रेड/स्केल-III) को 85,920 से 1,05,280 रुपए प्रति माह का वेतन मिलेगा। इसके अलावा अन्य भत्ते और लाभ भी दिए जाएंगे।
इनपुट: IANS



