नागालैंड: मोकोकचुंग में संदिग्ध शराब से नौवीं मौत, SIT जांच जारी
नागालैंड के मोकोकचुंग जिले में कथित तौर पर ज़हरीली शराब के सेवन से होने वाली मौतों का सिलसिला जारी है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार (26 सितंबर) को एक और व्यक्ति की मौत हो जाने के…
नागालैंड के मोकोकचुंग जिले में कथित तौर पर ज़हरीली शराब के सेवन से होने वाली मौतों का सिलसिला जारी है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार (26 सितंबर) को एक और व्यक्ति की मौत हो जाने के बाद मृतकों का आंकड़ा बढ़कर नौ हो गया है। मृतक की पहचान दिबुइया गांव के 37 वर्षीय व्यक्ति के रूप में हुई है, जो यिमखिउंग समुदाय से थे।
उन्हें 26 सितंबर को दोपहर करीब 2:50 बजे डॉ. इम्कोंगलीबा मेमोरियल जिला अस्पताल (आईएमडीएच) में भर्ती कराया गया था। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अलेमवापांग ऐयर ने बताया कि मरीज को सांस लेने में गंभीर तकलीफ, पेट दर्द और कमजोरी की शिकायत थी। उसने भर्ती होने से तीन दिन पहले शराब पीने की बात भी स्वीकार की थी। उसी दिन रात लगभग 9:30 बजे इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
जांच के लिए फॉरेंसिक भेजे गए सैंपल
मोकोकचुंग के पुलिस अधीक्षक ने नौवीं मौत की पुष्टि की है। पुलिस ने 27 सितंबर की सुबह उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी ताकोसुनेप को पोस्टमार्टम के लिए सूचित किया। पोस्टमार्टम के बाद फॉरेंसिक विश्लेषण के लिए नमूने एकत्र किए गए, जिन्हें अब गुवाहाटी स्थित केंद्रीय फॉरेंसिक प्रयोगशाला (सीएफएल) भेजा जाएगा। इन नमूनों की जांच से मौत के असली कारणों का पता चलने की उम्मीद है।
डॉ. ताकोसुनेप के अनुसार, संदिग्ध शराब से संबंधित मौतों के मामले में मोकोकचुंग सिविल अस्पताल में अब तक कुल पांच पोस्टमार्टम किए जा चुके हैं।
विशेष जांच दल (SIT) कर रहा है जांच
इस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। मोकोकचुंग के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आई. बंगलांग चांग के नेतृत्व में तीन अन्य पुलिस अधिकारी इस टीम का हिस्सा हैं, जो इन संदिग्ध मौतों के पीछे की सच्चाई का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
इनपुट: IANS



