मुंबई लोकल: महिला यात्रियों के सामने गाली देने से रोका, तो शराबी ने दी जान से मारने की धमकी, वीडियो वायरल होने पर गिरफ्तार
मुंबई की लोकल ट्रेन में सफर के दौरान एक यात्री को जान से मारने की धमकी देने का वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह घटना 29 जून की रात
मुंबई की लोकल ट्रेन में सफर के दौरान एक यात्री को जान से मारने की धमकी देने का वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह घटना 29 जून की रात गोवंडी और चेंबूर स्टेशन के बीच हुई, जब एक यात्री ने नशे में धुत सहयात्री को अभद्र भाषा का प्रयोग करने से रोका था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवाजी नगर निवासी रमजान फकीर मोहम्मद इब्राहीम कुरेशी उर्फ इब्बा (36) के रूप में हुई है। पीड़ित, नवी मुंबई के उलवे में रहने वाले 55 वर्षीय सुरेंद्र शुक्ला ने बताया कि वे गोवंडी स्टेशन से ट्रेन में चढ़े थे। उसी डिब्बे में आरोपी फोन पर किसी से ऊंची आवाज में गाली-गलौच कर रहा था।
ट्रेन में कैसे बढ़ा विवाद?
शुक्ला के मुताबिक, जब उन्होंने डिब्बे में महिला यात्रियों की मौजूदगी का हवाला देते हुए आरोपी को गाली देने से मना किया, तो वह भड़क गया। इसके बाद आरोपी कुरेशी ने आक्रामक होकर चिल्लाना शुरू कर दिया और सुरेंद्र शुक्ला को जान से मारने की धमकी दे डाली। इस पूरी घटना से डिब्बे में मौजूद अन्य यात्रियों में डर और तनाव का माहौल बन गया।
वायरल वीडियो से हुई कार्रवाई
ट्रेन में ही मौजूद किसी दूसरे यात्री ने इस पूरे विवाद को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया और सोशल मीडिया पर डाल दिया। यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद एलटीटी रेलवे पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए तुरंत जांच शुरू की। तकनीकी विश्लेषण और रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने आरोपी की पहचान की और उसे रे रोड रेलवे स्टेशन के बाहर से हिरासत में ले लिया। यह घटना मुंबई की उपनगरीय ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े करती है।
इनपुट: IANS



