Mumbai Congress News: मुंबई कांग्रेस नहीं है सब कुछ ठीक, MLA ने आलाकमान से की भाई जगताप की शिकायत

184

Mumbai Congress News: मुंबई कांग्रेस नहीं है सब कुछ ठीक, MLA ने आलाकमान से की भाई जगताप की शिकायत

मुंबई
एक तरफ जहां हर राजनीतिक पार्टी आगामी बीएमसी चुनावों की तैयारी में जुटी है, वहीं मुंबई कांग्रेस में कलह कम ही नहीं हो पा रही है। मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष भाई जगताप के खिलाफ नया मोर्चा कांग्रेस के युवा विधायक जिशान सिद्धिकी ने खोला है। उन्होंने जगताप के खिलाफ कांग्रेस आलाकमान से शिकायत की है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल और महाराष्ट्र में कांग्रेस प्रभारी एच.के.पाटील समेत तमाम बड़े नेताओं को लिखे पत्र में जिशान सिद्धिकी ने भाई जगताप के खिलाफ कई आरोप लगाए हैं।

विधायक जीशान सिद्धिकी ने अपने पत्र में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि मेरी पार्टी के अध्यक्ष ही मेरे खिलाफ गतिविधियों को संचालित कर रहे हैं। अपने इस आरोप के संदर्भ में उन्होंने कुछ घटनाओं का हवाला भी दिया है। जिशान ने अपने पत्र में लिखा है कि मुंबई कांग्रेस की तरफ से जनता को टूल किट बांटने का एक कार्यक्रम हाल ही में किया गया। यह कार्यक्रम मेरे चुनाव क्षेत्र बांद्रा के तहत आने वाले बीकेसी पुलिस स्टेशन में आयोजित हुआ। इस कार्यक्रम में राज्य के गृह राज्य मंत्री सतेज पाटील वह भी आमंत्रित किया गया था। लेकिन स्थानीय विधायक होने के बावजूद मुझे इस कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किया गया।

सिद्धकी ने दूसरा आरोप यह लगाया है कि मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष भाई जगताप पार्टी के कुछ नगरसेवकों और अन्य पदाधिकारियों से यह कह चुके हैं कि हाल ही में संपन्न हुए युवक कांग्रेस के मुंबई अध्यक्ष पद के चुनाव में जिन कार्यकर्ताओं ने जिशान के लिए काम किया है उन्हें मुंबई कांग्रेस में कोई पद नहीं दिया जाएगा। आलाकमान को लिखे शिकायती पत्र में विधायक जीशान सिद्दीकी ने यह आरोप भी लगाया है कि उनके खिलाफ काम करने वालों को पार्टी में ताकत दी जा रही है। मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में भाई जगताप के कामकाज को लेकर पहले भी पार्टी के दो युवा नेता आवाज उठा चुके हैं। मुंबई कांग्रेस के पूर्व महासचिव और एआईसीसी के मेंबर विश्वबंधु राय और उत्तर पूर्व मुंबई जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष प्रनील नायर शामिल हैं।

मुंबई कांग्रेस की वर्तमान कार्यकारणी में भी अध्यक्ष भाई जगताप और कार्याध्यक्ष चरणजीत सिंह सप्रा की मनमानी को लेकर खासा आक्रोश जताया जा रहा है। उत्तर मुंबई में भी जिला अध्यक्ष कालू बुधोलिया और मुंबई कांग्रेस के पदाधिकारियों के बीच कलह सामने आ रही है। बुधोलिया को जगताप ने जिला अध्यक्ष बनाया है, लेकिन उत्तर मुंबई के कांग्रेसी पदाधिकारियों का एक बड़ा ग्रुप उन्हें भाव ही नहीं देता। हाल ही में डीजल पेट्रोल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ किए गए आंदोलन के दौरान यह गुटबाजी खुलकर सामने आई।

बरहाल इस सारे मामले पर मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष भाई जगताप ने मीडिया से कहा कि सबकुछ सबके मन के जैसा नहीं हो सकता। मुंबई में कांग्रेस के चार विधायक हैं, उनमें जीशान सबसे युवा हैं। उनकी जितनी उम्र नहीं है, उससे ज्यादा समय उन्हें राजनीति करते हो चुका है। पार्टी उनके योगदान और उनके कामकाज के तरीकों को अच्छी तरह जानती है, इसी आधार पर पार्टी ने उन्हें अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी है। भाई जगताप ने यह भी कहा कि विधायक जीशान सिद्दीकी की जो शिकायतें हैं, वह उनसे बातचीत कर उसका हल ढूंढने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रोटोकॉल सबके लिए बराबर है।

आज एच.के. पाटील मुंबई में
महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रभारी एच. के. पाटील आज मुंबई में है। कार्यक्रम के मुताबिक पाटील बुधवार की रात को मुंबई पहुंच कर अगले 3 दिन मुंबई में रहेंगे। इस दौरान महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस और मुंबई कांग्रेस के तमाम नेताओं के साथ चर्चा भी करेंगे। खबर है कि पार्टी के समक्ष भी यह मुद्दा उठेगा।

राजनीति की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – राजनीति
News