Mumbai Congress: MVA से कांग्रेस का मोहभंग, अकेले लड़ेगी बीएमसी चुनाव! भाई जगताप ने फिर दिया एकला चलो का नारा

91
Mumbai Congress: MVA से कांग्रेस का मोहभंग, अकेले लड़ेगी बीएमसी चुनाव! भाई जगताप ने फिर दिया एकला चलो का नारा

Mumbai Congress: MVA से कांग्रेस का मोहभंग, अकेले लड़ेगी बीएमसी चुनाव! भाई जगताप ने फिर दिया एकला चलो का नारा

मुंबई: मुंबई के कांग्रेसियों का महाविकास अघाड़ी गठबंधन (Mahavikas Aghadi Alliance) से मोहभंग हो गया है। मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष भाई जगताप ने बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और तमाम वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में आगामी बीएमसी चुनाव (BMC Election) कांग्रेस को अकेले लड़ने की मांग कर दी है। बुधवार को चूनाभट्टी के सोमैया मैदान में कांग्रेस पार्टी के 138 वें स्थापना दिवस पर एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (Malliakarjun Kharge) थे। कांग्रेस का अध्यक्ष बनने पर मुंबई कांग्रेस (Mumbai Congress) की तरफ से छत्रपति शिवाजी महाराज (Chhatrapati Shivaji Maharaj) की प्रतिमा देकर उनका सार्वजनिक सत्कार किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाई जगताप (Bhai Jagtap) ने कहा कि पिछले दो साल से कांग्रेस के कार्यकर्ता सड़क पर उतर कर आंदोलन कर रहे हैं। कांग्रेस के कार्यकर्ता में इस समय जोश है। यही जोश कांग्रेस को आगामी बीएमसी चुनाव में सफलता दिलाएगा।

हम अपनी दम पर अकेले बीएमसी चुनाव लड़ना चाहते हैं। उन्होंने मौजूद वरिष्ठ नेताओं से कहा कि बीएमसी की 227 सीटों पर चुनाव हो या 236 सीटों पर चुनाव हो हम लड़ने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। हमें अकेले चुनाव लड़ने दिया जाना चाहिए।
जगताप जिस समय एकला चलो की मांग कर रहे थे उस समय मंच पर मल्लिकार्जुन खरगे समेत कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद के सी वेणुगोपाल, महाराष्ट्र के प्रभारी एच के पाटील, युवा नेता कन्हैया कुमार, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण, पृथ्वीराज चव्हाण, अखिल भारतीय कांग्रेस के सचिव संपत कुमार, महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले, कार्याध्यक्ष नसीम खान समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

बीएमसी में कांग्रेस की सत्ता लाएंगे: पटोले
मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष भाई जगताप के सुर में सुर मिलाते हुए महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने कई वर्षों तक बीएमसी पर शासन किया है। पिछले कुछ वर्षों से बीएमसी की सत्ता हमारे पास नहीं है, लेकिन एक बार फिर हम बीएमसी पर कांग्रेस का झंडा फहराने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि इसी मुंबई शहर में कांग्रेस पार्टी की स्थापना हुई थी और यहीं से पूरे देश में आजादी की मशाल फैली। आजादी के समय भारत के पास कुछ भी नहीं था लेकिन पंडित जवाहर लाल नेहरू के कुशल नेतृत्व के कारण देश ने प्रगति की। लेकिन आज केंद्र के शासक देश को बेचकर ही देश चला रहे हैं। अब हमें बीजेपी से वैसे ही लड़ना है जैसे हमारे पूर्वज अंग्रेजों से लड़े थे।

लोकतंत्र बचाना है, तो मोदी को हटाओ: खरगे
स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए खरगे ने कहा कि देश में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए सभी को एकजुट होकर बीजेपी, आरएसएस और नरेंद्र मोदी को सत्ता से हटाना होगा। अगर यह लोग सत्ता में बने रहे तो देश में हिटलरशाही का राज हो जाएगा। कांग्रेस ने 70 साल तक देश में लोकतंत्र और संविधान को बनाए रखा है। आगे भी कांग्रेस ही इनकी रक्षा कर सकती है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से इसकी शुरुआत हो चुकी है। देश भर में फैले हमारे करोड़ों कार्यकर्ताओं को एक बार फिर से संजीवनी मिली है। यात्रा ने दिखा दिया है कि कांग्रेस की विचारधारा को देश को जोड़ने में समर्थ है। इससे हमारे विरोधियों में घबराहट है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए तैयार है।

राजनीति की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – राजनीति
News