मेरठ का 'ब्लू ड्रम हत्याकांड': फैसले से पहले मृतक सौरभ के भाई की मांग- पत्नी और प्रेमी को मिले फांसी
मेरठ के चर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड में आज (बुधवार) जिला जज की अदालत अपना फैसला सुनाने वाली है। इस मामले में सौरभ की पत्नी मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल पर हत्या का आरोप है। फैसले से ठीक पहले, मृतक…
मेरठ के चर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड में आज (बुधवार) जिला जज की अदालत अपना फैसला सुनाने वाली है। इस मामले में सौरभ की पत्नी मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल पर हत्या का आरोप है। फैसले से ठीक पहले, मृतक के भाई राहुल राजपूत ने दोनों दोषियों के लिए फांसी की सजा की मांग की है।
समाचार एजेंसी IANS से बात करते हुए राहुल ने न्याय की उम्मीद जताते हुए कहा, "हम शुरू से यही उम्मीद लगाए हुए हैं कि हमें इंसाफ मिलेगा। हमने शुरू से एक ही मांग रखी है कि जो उन्होंने हमारे भाई के साथ किया, वो उनके साथ हो। उन्हें कम से कम फांसी होनी चाहिए।" उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अगर जिला अदालत से उन्हें कम सजा मिलती है, तो परिवार न्याय के लिए हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लड़ेगा।
डेढ़ साल से इंसाफ का इंतजार
राहुल ने बताया कि न्याय की इस लड़ाई में उन्हें और उनके परिवार को काफी संघर्ष करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि करीब डेढ़ साल से वे इंसाफ के लिए लड़ रहे हैं, जिसके चलते उनका काम-धंधा भी प्रभावित हुआ है। अदालत की कार्यवाही के लिए उन्हें सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक का समय देना पड़ता है। इस मामले में कुल 22 गवाहों ने अदालत में अपनी गवाही दी है।
क्या था 'नीला ड्रम' हत्याकांड?
यह मामला पिछले साल उस वक्त पूरे देश में सुर्खियों में आया था, जब सौरभ राजपूत का शव उन्हीं के घर में रखे एक नीले ड्रम के अंदर मिला था। समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने इस मामले में 19 मार्च 2022 को सौरभ की पत्नी मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल को हत्या कर शव को ड्रम में छिपाने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अब सभी की निगाहें अदालत के फैसले पर टिकी हैं।
इनपुट: IANS



