बुधवार, 28 अक्टूबर 2026 · नई दिल्ली
देश

हैदराबाद: 'मस्जिदें गिराकर इस्लाम और मुसलमान खत्म नहीं होंगे', मौलाना मुश्ताक मलिक का भाजपा-RSS पर निशाना

हैदराबाद स्थित तहरीक मुस्लिम शब्बान संगठन के अध्यक्ष मौलाना मुश्ताक मलिक ने देश में मस्जिदों और मदरसों को गिराए जाने के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर तीखी…

हैदराबाद: 'मस्जिदें गिराकर इस्लाम और मुसलमान खत्म नहीं होंगे', मौलाना मुश्ताक मलिक का भाजपा-RSS पर निशाना
(फोटो: IANS)

हैदराबाद स्थित तहरीक मुस्लिम शब्बान संगठन के अध्यक्ष मौलाना मुश्ताक मलिक ने देश में मस्जिदों और मदरसों को गिराए जाने के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर तीखी टिप्पणी की है। उन्होंने कहा है कि ऐसी कार्रवाइयों से इस्लाम या मुसलमानों को खत्म नहीं किया जा सकता। समाचार एजेंसी IANS से बातचीत में उन्होंने इस मुद्दे को लेकर देश के लोकतंत्र और वैश्विक छवि पर चिंता भी जाहिर की।

विज्ञापन

मौलाना मलिक ने आरोप लगाया कि अब तक 2000 से ज्यादा मस्जिदें और मदरसे गिराए जा चुके हैं। उन्होंने कहा, "2014 से देश में भारतीय जनता पार्टी और आरएसएस की सरकार है। यह सरकार मुसलमानों की मस्जिदों, मदरसों और कब्रिस्तानों को ध्वस्त करके यह मान रही है कि इससे इस्लाम या मुसलमान खत्म हो जाएंगे। इस तरह की सोच रखने वाले लोग न तो दुनिया के इतिहास से वाकिफ हैं और न ही शायद अपने इतिहास से।"

"डराया-धमकाया नहीं जा सकता"

मौलाना मलिक ने कहा कि मुस्लिम बहुल इलाकों के नाम बदलने या धार्मिक स्थलों को गिराने से यह समझना एक "गलतफहमी" है कि भारत के मुसलमानों को डराया, धमकाया या खत्म किया जा सकता है। कुरान का हवाला देते हुए उन्होंने कहा, "'इन्ना दीन इंदल्लाही अल-इस्लाम', यानी अल्लाह के नजदीक पसंदीदा दीन इस्लाम है। जिस मजहब को अल्लाह ने पसंद किया है, उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह या आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत या कोई और खत्म नहीं कर सकता।"

उन्होंने आगे जोड़ा, "यह मजहब हमेशा बाकी रहेगा और मुसलमान इस देश में पूरी शान और सम्मान के साथ जिंदा रहेगा। मुसलमानों को खत्म नहीं किया जा सकता।"

देश के संविधान और लोकतंत्र का हवाला

मौलाना मुश्ताक मलिक ने याद दिलाया कि भारत संविधान और कानून से चलने वाला एक लोकतांत्रिक देश है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाया गया, तो "जो लोग लोकतंत्र के परखच्चे उड़ा रहे हैं, उनकी राजनीतिक जिंदगी और उनके पूरे तंत्र के भी परखच्चे उड़ जाएंगे।"

उन्होंने सत्ता में बैठे लोगों को 'होश से काम लेने' की सलाह देते हुए कहा कि मौजूदा घटनाएं देश के हित में नहीं हैं और इस तरह से देश तरक्की नहीं कर सकता।

इनपुट: IANS

N

News4Social नेशनल डेस्क

News4Social नेशनल डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से राष्ट्रीय घटनाक्रम से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →