अगले हफ़्ते इन 3 बड़े फैक्टर्स पर रहेगी शेयर बाज़ार की नज़र, तय होगी बाज़ार की दिशा
बीते हफ़्ते गिरावट के साथ बंद हुए भारतीय शेयर बाज़ार की दिशा अगले कारोबारी हफ़्ते में तीन प्रमुख कारक तय करेंगे। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, निवेशकों की नज़र अंतरराष्ट्रीय भू-राजनीतिक…
बीते हफ़्ते गिरावट के साथ बंद हुए भारतीय शेयर बाज़ार की दिशा अगले कारोबारी हफ़्ते में तीन प्रमुख कारक तय करेंगे। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, निवेशकों की नज़र अंतरराष्ट्रीय भू-राजनीतिक तनाव, कच्चे तेल की कीमतों और देश में जारी होने वाले महत्वपूर्ण आर्थिक आंकड़ों पर टिकी रहेगी। इन फैक्टर्स के आधार पर ही बाज़ार का रुख तय होगा।
मध्य-पूर्व में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ता तनाव बाज़ार के लिए एक बड़ी चिंता का विषय बना हुआ है। इसी तनाव के चलते कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के स्तर से ऊपर बनी हुई हैं। जानकारों का मानना है कि इस मोर्चे पर तनाव कम होने की कोई भी ख़बर बाज़ार में सकारात्मक असर डाल सकती है।
घरेलू आर्थिक आंकड़े होंगे अहम
अगले हफ़्ते कई महत्वपूर्ण घरेलू आर्थिक आंकड़े जारी होने हैं, जिनका सीधा प्रभाव बाज़ार की धारणा पर पड़ेगा। इनमें ऑटोमोबाइल कंपनियों की बिक्री के आंकड़े, जीएसटी कलेक्शन, औद्योगिक और विनिर्माण उत्पादन (PMI) के डेटा, राजकोषीय घाटे और विदेशी मुद्रा भंडार से जुड़े आंकड़े शामिल हैं। ये सभी आंकड़े देश की आर्थिक सेहत का संकेत देते हैं।
बीते हफ़्ते कैसा रहा बाज़ार का हाल?
21 से 25 सितंबर के कारोबारी हफ़्ते में बाज़ार में बिकवाली का दबाव देखा गया। सेंसेक्स 399.22 अंक (0.54%) गिरकर 73,895.74 पर और निफ्टी 205.90 अंक (0.88%) की गिरावट के साथ 23,140.50 पर बंद हुआ। यह गिरावट सिर्फ़ बड़ी कंपनियों तक सीमित नहीं रही, बल्कि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 2.07% और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 0.81% लुढ़क गया।
सेक्टर-वार बात करें तो निफ्टी आईटी (2.40%), फाइनेंशियल सर्विसेज (1.63%) और प्राइवेट बैंक (1.49%) में सबसे ज़्यादा गिरावट रही। वहीं, निफ्टी रियल्टी (2.98%), कंज्यूमर ड्यूरेबल्स (1.14%) और फार्मा (1.10%) जैसे सेक्टरों में तेज़ी दर्ज की गई। गौरतलब है कि 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर बाज़ार बंद रहेगा, इसलिए अगला कारोबारी हफ़्ता सिर्फ़ चार दिनों का होगा।
इनपुट: IANS



