मणिपुर: जिरीबाम में रोंगमेई नागा समुदाय के कई घरों में आग, पहले ही खाली कर चुके थे परिवार
मणिपुर के जिरीबाम जिले में एक बार फिर तनाव का माहौल बन गया जब रोंगमेई नागा समुदाय के कई घरों को आग के हवाले कर दिया गया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, यह परिवार कुछ हफ्ते पहले ही संभावि…
मणिपुर के जिरीबाम जिले में एक बार फिर तनाव का माहौल बन गया जब रोंगमेई नागा समुदाय के कई घरों को आग के हवाले कर दिया गया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, यह परिवार कुछ हफ्ते पहले ही संभावित हमलों के डर से अपने घर खाली कर चुके थे, जिससे किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई।
यह घटना रविवार शाम लगभग 6:30 बजे जिरीबाम थाना क्षेत्र से करीब 12 किलोमीटर दक्षिण में हुई, जहाँ तीन से चार घरों में आग लगा दी गई। हालांकि, आग लगने के स्पष्ट कारणों और इसके पीछे कौन लोग हैं, इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
सुरक्षा व्यवस्था और मौजूदा हालात
सूत्रों ने बताया कि इलाके में कुकी और नागा समुदायों के बीच बढ़ते तनाव के कारण इन परिवारों ने जवाबी कार्रवाई की आशंका में पहले ही सुरक्षित स्थानों पर शरण ले ली थी। घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुँचे और स्थिति का जायजा लिया। पूरे इलाके में सुरक्षा बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक एक्शन टीमों को भी तैयार रहने का निर्देश दिया गया है। अधिकारियों ने सुरक्षाकर्मियों को स्थानीय ग्रामीणों और समुदाय के प्रमुख लोगों से संवाद बनाए रखने को कहा है ताकि शांति बनी रहे और हालात और न बिगड़ें।
तामेंगलोंग में भी हिंसा की घटना
जिरीबाम की इस घटना से पहले, मणिपुर के ही तामेंगलोंग जिले में भी हिंसा हुई थी। वहाँ नेशनल हाईवे-37 पर स्थित टोलन गाँव में अज्ञात हमलावरों ने एक परिवार पर सुबह करीब 4 बजे गोलीबारी की। इस हमले में एक महिला की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि उनके पति और छह साल के बेटे को गंभीर चोटें आईं। परिवार के दो अन्य बच्चे इस हमले में सुरक्षित बच गए।
इनपुट: IANS



