योगी सरकार का दिवाली तोहफा: उज्ज्वला लाभार्थियों को मुफ्त सिलेंडर, किसानों और महिलाओं के लिए भी बड़े पैकेज का ऐलान
उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने दीपावली के मौके पर राज्य के 1.89 करोड़ से अधिक परिवारों को बड़ी सौगात दी है। लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के…
उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने दीपावली के मौके पर राज्य के 1.89 करोड़ से अधिक परिवारों को बड़ी सौगात दी है। लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए रसोई गैस सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी जारी की। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस अवसर पर सीएम योगी ने यह भी घोषणा की कि सरकार जल्द ही फसल नुकसान झेल रहे किसानों और महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन के लिए एक बड़ा पैकेज लेकर आएगी।
शुक्रवार को लोकभवन सभागार में हुए कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने एक बटन दबाकर 1500 करोड़ रुपए की धनराशि सीधे पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की। उन्होंने बताया कि अब लाभार्थियों को सिलेंडर के लिए कोई भुगतान नहीं करना होगा। भरे हुए सिलेंडर की कीमत 983.45 रुपए होती है, जिसमें केंद्र सरकार 335.40 रुपए की सब्सिडी देती है। पहले लाभार्थी को 648.55 रुपए अपनी जेब से देने पड़ते थे, जिसे अब राज्य सरकार ने सीधे गैस कंपनियों को भेज दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस 650 रुपए की बचत से परिवार दिवाली के लिए मिठाई और दीये खरीद सकेंगे।
किसानों और महिलाओं के लिए विशेष पैकेज
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के किसानों और महिलाओं के लिए भी महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा, "अल नीनो, जलवायु परिवर्तन, अतिवृष्टि, अनावृष्टि और ओलावृष्टि से किसानों की खड़ी फसल को भारी नुकसान हुआ है।" उन्होंने बताया कि तात्कालिक मुआवजा दिया जा रहा है, लेकिन सरकार प्रदेश के तीन करोड़ किसान परिवारों के लिए जल्द ही एक अलग विशेष आर्थिक पैकेज भी लाएगी। इसके साथ ही, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए भी एक बड़े पैकेज की घोषणा की गई, ताकि वे अपने पैरों पर खड़ी हो सकें।
पिछली सरकारों पर साधा निशाना
अपने संबोधन में सीएम योगी ने पूर्ववर्ती सरकारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले देश में कॉमनवेल्थ, 2जी और कोल जैसे घोटाले आम थे और रसोई गैस कनेक्शन के लिए 25 से 50 हजार रुपए तक की घूसखोरी चलती थी। उन्होंने 2017 से पहले की सपा सरकार पर टिप्पणी करते हुए कहा कि तब उत्सवों से पहले दंगे और कर्फ्यू शुरू हो जाते थे। उन्होंने दावा किया, "आज राह चलती किसी बेटी को छेड़ने या व्यापारी से जबरन वसूली करने का दुस्साहस कोई नहीं कर सकता। ऐसा करने वालों को मालूम है कि उनके लिए जहन्नुम का रास्ता तय है।"
श्रमिकों और किसानों के लिए 'अन्नपूर्णा भोजनालय'
मुख्यमंत्री ने यह भी ऐलान किया कि प्रदेश की मंडी समितियों और श्रमिक अड्डों पर 'अन्नपूर्णा भोजनालय' शुरू किए जाएंगे। इसका उद्देश्य दूर-दराज से अपनी उपज लेकर मंडी आने वाले किसानों और निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों को टोकन मनी पर भरपेट भोजन उपलब्ध कराना है। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार ने श्रमिकों के बच्चों के लिए विश्वस्तरीय 'अटल आवासीय विद्यालय' पहले ही स्थापित कर दिए हैं। इसके अलावा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, रसोइयों, गांव के चौकीदारों और पीआरडी जवानों के मानदेय में भी वृद्धि की गई है।
इनपुट: IANS



