शुक्रवार, 11 सितम्बर 2026 · नई दिल्ली
महाराष्ट्र

भंडारा सड़क हादसा: तीज मनाने जा रहे एक ही परिवार के 4 समेत 9 लोगों की दर्दनाक मौत

महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार की सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना ने 9 जिंदगियां छीन लीं। मरने वालों में 6 महिलाएं और 5 साल से कम उम्र के 3 बच्चे शामिल हैं। यह हादसा उस वक्त हुआ जब छत्तीसगढ़ से…

भंडारा सड़क हादसा: तीज मनाने जा रहे एक ही परिवार के 4 समेत 9 लोगों की दर्दनाक मौत
(फोटो: IANS)

महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार की सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना ने 9 जिंदगियां छीन लीं। मरने वालों में 6 महिलाएं और 5 साल से कम उम्र के 3 बच्चे शामिल हैं। यह हादसा उस वक्त हुआ जब छत्तीसगढ़ से तीज का त्योहार मनाने नागपुर जा रहे लोगों से भरी एक बोलेरो गाड़ी, नागपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े एक ट्रक से जा टकराई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्यों की भी मौत हो गई।

विज्ञापन

यह दर्दनाक घटना भंडारा जिले के पिंपलगांव के पास देर रात करीब 3 बजे हुई। बोलेरो गाड़ी में 16 से 17 लोग सवार थे। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक 8 लोगों की जान जा चुकी थी।

घायलों का इलाज जारी

हादसे में घायल हुए कई लोगों का इलाज चल रहा है। ड्राइवर समेत तीन बच्चों को भंडारा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य घायलों को बेहतर इलाज के लिए नागपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। इलाज के लिए नागपुर ले जाते समय एक घायल महिला ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की कुल संख्या 9 हो गई।

साकोली अस्पताल के डॉक्टर लक्ष्मीकांत शहारे ने बताया, "मुंडिपार और पिंपलगांव के बीच हादसा हुआ। वहां रात के समय एक खड़ा ट्रक था। करीब 3 बजे, खड़े ट्रक को एक बोलेरो कार ने टक्कर मार दी। घायल लोगों का पहले हमारे साकोली स्थित अस्पताल में इलाज हुआ, वहां से उन्हें भंडारा रेफर किया गया। भंडारा से कुछ लोगों को नागपुर जीएमसी के लिए रेफर किया गया।"

त्योहार की खुशियां मातम में बदलीं

ये सभी लोग छत्तीसगढ़ से नागपुर अपने रिश्तेदारों के यहां तीज का त्योहार मनाने के लिए जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही यह बड़ा हादसा हो गया। एक व्यक्ति ने अपनी भांजी सरिता वर्मा को खोने का दुख जताते हुए बताया, "सभी लोग छत्तीसगढ़ से नागपुर आ रहे थे। ये तीज के त्योहार में जा रहे थे। उनमें से 9 लोगों की मौत हो चुकी है। मरने वालों में मेरी भांजी सरिता वर्मा भी है।"

इनपुट: IANS

N

News4Social महाराष्ट्र डेस्क

News4Social महाराष्ट्र डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से महाराष्ट्र से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →