मध्य प्रदेश: मूंग खरीदी पर किसानों के प्रदर्शन के बीच सरकार ने वार्ता के लिए बनाई मंत्री-समिति
मध्य प्रदेश में अपनी मूंग की उपज को लेकर प्रदर्शन कर रहे किसानों से बातचीत करने के लिए राज्य सरकार ने मंत्रियों की एक समिति का गठन किया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि किसान सरकार की…
मध्य प्रदेश में अपनी मूंग की उपज को लेकर प्रदर्शन कर रहे किसानों से बातचीत करने के लिए राज्य सरकार ने मंत्रियों की एक समिति का गठन किया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि किसान सरकार की प्राथमिकता हैं, और इसी को देखते हुए यह समिति बनाई गई है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह कदम तब उठाया गया है जब राज्य के विभिन्न हिस्सों से किसान अपनी मांगों को लेकर राजधानी भोपाल पहुंच रहे हैं।
दरअसल, किसान सरकार से अपनी मूंग की पूरी फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदने की मांग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि वर्तमान खरीदी प्रक्रिया में लापरवाही और गड़बड़ियां हो रही हैं, जिसके विरोध में उन्होंने आंदोलन शुरू किया है। कई किसान भोपाल पहुंच चुके हैं, जिसके कारण प्रशासन को कई रास्तों पर बैरिकेड लगाकर यातायात को दूसरे मार्गों पर मोड़ना पड़ा है।
मंत्रियों की समिति और विपक्ष की प्रतिक्रिया
किसानों से सीधे संवाद करने के लिए बनाई गई इस समिति में मंत्री एदल सिंह कंसाना, कृष्णा गौर, विश्वास सारंग और राकेश सिंह को शामिल किया गया है। वहीं, इस मुद्दे पर राजनीति भी गरमा गई है। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि नर्मदापुरम के बरखेड़ा से शुरू हुई 'किसान क्रांति पैदल यात्रा' का भोपाल पहुंचना यह साबित करता है कि किसान भाजपा सरकार की नीतियों से गहरे आक्रोश में हैं।
जीतू पटवारी ने आगे कहा, "हजारों किसान परिवार अपनी जायज मांगों को लेकर राजधानी की सड़कों पर डटे हुए हैं, लेकिन सरकार उनकी बात सुनने के बजाय मौन धारण किए बैठी है।" उन्होंने किसानों की मांगों को दोहराते हुए कहा कि वे मूंग की शत-प्रतिशत खरीदी, MSP की कानूनी गारंटी, खाद की पर्याप्त उपलब्धता और केंद्र सरकार द्वारा किए गए वादों को पूरा करने की मांग कर रहे हैं, जो उनके जीवन और आजीविका से जुड़े बुनियादी प्रश्न हैं।
इनपुट: IANS



