Lok Sabha Elections 2024: जयपुर में आखिरी दिन चुनावी हो-हल्ला… जुलूस, मंत्रोच्चारण के साथ नामांकन में दिखी सादगी

4
Lok Sabha Elections 2024: जयपुर में आखिरी दिन चुनावी हो-हल्ला… जुलूस, मंत्रोच्चारण के साथ नामांकन में दिखी सादगी

Lok Sabha Elections 2024: जयपुर में आखिरी दिन चुनावी हो-हल्ला… जुलूस, मंत्रोच्चारण के साथ नामांकन में दिखी सादगी


Jaipur Lok Sabha Elections: जयपुर शहर और ग्रामीण लोकसभा सीट पर नामांकन प्रक्रिया समाप्त हो गई है। नामांकन के आखिरी दिन बुधवार को दोनों ही सीटों से भाजपा-कांग्रेस प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। इस दौरान कलक्ट्रेट में पहली बार लोकसभा चुनाव का माहौल देखने को मिला। नामांकन के दौरान किसी प्रत्याशी ने जुलूस निकालकर तो किसी ने मंत्रोच्चारण के साथ नामांकन किया तो कोई सादगी से बिना जुलूस नामांकन दाखिल करने पहुंचा। अंतिम दिन तक जयपुर शहर में 16 प्रत्याशियों ने 24 और जयपुर ग्रामीण से 17 प्रत्याशियों ने 24 नामांकन पत्र दाखिल किए।

जयपुर शहर

भाजपा : ट्रैफिक जाम, महिलाओं की सुरक्षा प्राथमिकता : मंजू शर्मा
जयपुर शहर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी मंजू शर्मा जुलूस के साथ कलक्ट्रेट पहुंचीं। इस दौरान पंडितों ने मंत्रोच्चारण के साथ मंजू शर्मा को नामांकन कक्ष तक प्रवेश कराया। मंजू शर्मा ने सांसद रामचरण बोहरा, विधायक गोपाल शर्मा, बालमुकुंदाचार्य, कालीचरण सराफ, महापौर सौम्या गुर्जर की मौजूदगी में नामांकन पत्र दाखिल किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नारी शक्ति वंदन बिल लेकर आए हैं। इसी के तहत टिकट दिया गया है। ट्रैफिक जाम, महिलाओं की सुरक्षा और जयपुर के पर्यटन को और बढ़ावा देेने की प्राथमिकता के साथ काम करूंगी।

 

संपत्ति : करोड़पति लेकिन खुद की कार नहीं
जयपुर शहर सीट से भाजपा प्रत्याशी मंजू शर्मा की सम्पत्ति 2.36 करोड़ रुपए है। लेकिन उनके पास खुद की कार नहीं है। बैंक खातों में 20 लाख से ज्यादा और 1.38 किलो सोना है। उनके पास अब भी 20 हजार रुपए कीमत का एक्टिवा स्कूटर है। कृषि जमीन, टोंक रोड पर बड़ा फ्लैट।

यह भी पढ़ें : भाजपा प्रदेशाध्यक्ष जोशी और पूर्व मंत्री आंजना के बीच सियासी मुकाबला, जानें मेवाड-वागड़ की चार सीटों पर कौन किस पर भारी

कांग्रेस : मैं कमजोर हो गया हूं, मेरी मदद करो : खाचरियावास
जयपुर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी प्रताप सिंह खाचरियावास सादगी के साथ बुधवार को नामांकन दाखिल करने पहुंचे। उनके साथ पूूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और राजस्थान कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा भी साथ आए। लेकिन नामांकन कक्ष में नहीं गए। मीडिया से बातचीत में प्रताप सिंह ने कहा कि मैं अभी तक विधानसभा चुनाव की हार का दर्द नहीं भुला पाया। मैं कमजोर हो गया हूं, मेरी मदद करो। सुनील शर्मा के टिकट पर बोले कि टिकट काटा नहीं गया है उन्होंने खुद विड्रो किया।

प्रतापसिंह: विधानसभा चुनाव के बाद कम हुई संपत्ति
जयपुर शहर लोकसभा प्रत्याशी खाचरियावास की संपत्ति विधानसभा चुनाव के बाद कम हुई है। चल संपत्ति 2.89 करोड़ से घटकर 1.58 करोड़ हुई। उन्होंने 5 माह में 9 बैंक खातों से 1.31 करोड़ रुपए निकाले। कुल संपत्ति 5.72 करोड़ है। खाचरियावास ने पत्नी नीरज कंवर से 4.10 लाख रुपए उधार ले रखे हैं।

 

जयपुर ग्रामीण

भाजपा: राष्ट्र सर्वोपरि है : राव राजेंद्र सिंह
जयपुर ग्रामीण लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी राव राजेंद्र सिंह ने भी अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जिन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएंगे उन विषयों को वे जल्द ही मीडिया के सामने रखेंगे। उन्होंने कहा कि हमारे लिए राष्ट्र सर्वोपरि है उसके बाद प्रदेश और उसके बाद जिस लोकसभा क्षेत्र से हम खड़े हुए हैं वह महत्वपूर्ण है। उनके साथ खेल एवं उद्योग विभाग के मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ और भाजपा में शामिल हुए लालचंद कटारिया भी मौजूद थे।

 

राव राजेन्द्र सिंह को विरासत में मिला किला
राव राजेन्द्र सिंह 11.65 करोड़ रुपए की सम्पत्ति के मालिक हैं। पत्नी भुवनेश्वरी कुमारी 5.42 करोड़ सम्पत्ति की मालिक हैं। वहीं उनके परिवारिक की ज्वॉइंट में सम्पत्ति 12.25 करोड़ रुपए कीमत की 15.36 हेक्टेयर कृषि जमीन है। राव राजेन्द्र सिंह के पास विरासत में मिला एक किला और एक जमीन भी शामिल हैं। इस जमीन पर उन्होंने सिनेमाघर बना रखा है। शाहपुरा में 25 दुकानें, हनुमान नगर में मकान है।

 

कांग्रेस : जनता की उम्मीदों पर खरा उतरूंगा : चौपड़ा
लोकसभा चुनाव को लेकर जयपुर ग्रामीण संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी अनिल चौपड़ा ने बुधवार को अपना नामांकन दाखिल किया। वे समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास भी इस मौके पर मौजूद रहे। चौपड़ा ने कहा कि देश युवाओं का है और कांग्रेस ने उन्हें मौका दिया है। उन्होंने दावा किया कि जनता भी उन्हें मौका देगी।

 

अनिल के जयपुर में 12 प्लॉट

प्रत्याशी अनिल चौपड़ा के पास जयपुर में अनिल विहार नाम की कॉलोनी में 12 प्लॉट हैं, जिसमें 10 पत्नी के नाम हैं। इन दोनों की अचल सम्पत्तियों की बाजार कीमत क्रमश: 81.51 लाख रुपए और 2.91 करोड़ रुपए है। अनिल के पास 47.80 लाख रुपए कीमत की चल सम्पत्ति है, जिसमें एक कार, जेवरात, बैंक जमा और नकदी शामिल है। वहीं पत्नी के नाम 5.95 लाख रुपए की चल सम्पत्ति है।

राजस्थान की और समाचार देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Rajasthan News