LIC हाउसिंग फाइनेंस में मैनेजमेंट ट्रेनी के 50 पदों पर भर्ती, ₹14 लाख तक का सालाना पैकेज
अगर आप मैनेजमेंट की डिग्री के साथ बैंकिंग और फाइनेंस सेक्टर में करियर बनाना चाहते हैं, तो लाइफ इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन-हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड (LIC-HFL) एक शानदार अवसर दे रहा है। कंपनी ने मैनेजमेंट…
अगर आप मैनेजमेंट की डिग्री के साथ बैंकिंग और फाइनेंस सेक्टर में करियर बनाना चाहते हैं, तो लाइफ इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन-हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड (LIC-HFL) एक शानदार अवसर दे रहा है। कंपनी ने मैनेजमेंट ट्रेनी (मार्केटिंग और सेल्स) के 50 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं, जिनकी आवेदन प्रक्रिया 25 अक्टूबर को समाप्त हो रही है।
समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, इन पदों पर आवेदन सिर्फ LIC-HFL की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन ही स्वीकार किए जा रहे हैं। इच्छुक और योग्य उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अंतिम तिथि से पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर लें।
पात्रता और अनुभव
आवेदकों के लिए किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से MBA की डिग्री होना अनिवार्य है। हालाँकि, जिन उम्मीदवारों के पास सेल्स और नेगोशिएशन (बातचीत) में एक साल का अनुभव है, उन्हें चयन प्रक्रिया में प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा, अच्छी संवाद-कुशलता और स्थानीय भाषा पर मजबूत पकड़ भी जरूरी है।
चयन प्रक्रिया और वेतन
योग्य उम्मीदवारों का चयन आवेदनों की स्क्रीनिंग और दस्तावेज़ सत्यापन के आधार पर किया जाएगा। चयनित होने पर, ट्रेनी को एक साल के ट्रेनिंग प्रोग्राम के दौरान 40,000 से 50,000 रुपये प्रति माह का स्टाइपेंड मिलेगा। ट्रेनिंग सफलतापूर्वक पूरी करने और स्थायी होने पर उम्मीदवार का सालाना कॉस्ट-टू-कंपनी (CTC) पैकेज 14 लाख रुपये से अधिक होगा।
नौकरी की शर्तें और जिम्मेदारियाँ
यह पद मुख्य रूप से बिजनेस ग्रोथ से जुड़ा है, जिसमें नए ग्राहक बनाना, चैनल विकसित करना और बाजार का विस्तार करना शामिल है। चयनित ट्रेनी को हाउसिंग फाइनेंस सेल्स, कस्टमर रिलेशनशिप मैनेजमेंट और अंडरराइटिंग जैसे क्षेत्रों का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा। कंपनी की शर्तों के मुताबिक, उम्मीदवारों को जॉइनिंग की तारीख से कम से कम दो साल का सर्विस बॉन्ड भरना होगा। भर्ती से जुड़ी किसी भी अन्य जानकारी के लिए उम्मीदवार कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट देख सकते हैं।
इनपुट: IANS



