सोमवार, 9 नवम्बर 2026 · नई दिल्ली
राजनीति

मतदाता सूची से 3 करोड़ नाम हटाने पर BJP-JDU में बहस: अमित शाह के बयान पर बिहार में सियासी घमासान

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उस बयान पर बिहार में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि विपक्षी दल मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) का विरोध घुसपैठियों के वोट बैंक…

मतदाता सूची से 3 करोड़ नाम हटाने पर BJP-JDU में बहस: अमित शाह के बयान पर बिहार में सियासी घमासान
(फोटो: IANS)

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उस बयान पर बिहार में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि विपक्षी दल मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) का विरोध घुसपैठियों के वोट बैंक के कारण कर रहे हैं। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, शाह के बयान के बाद बिहार के एनडीए नेताओं ने इस पर तीखी प्रतिक्रियाएँ दी हैं, जिसमें भाजपा और जदयू के सुर अलग-अलग नज़र आ रहे हैं।

विज्ञापन

भाजपा ने जहाँ विपक्ष, खासकर कांग्रेस पर सीधा हमला बोला है, वहीं सहयोगी दल जदयू ने प्रक्रिया पर ही सवाल उठाए हैं। अमित शाह ने हाल ही में कहा था कि मतदाता सूची से तीन करोड़ फर्जी, मृत और अवैध घुसपैठियों के नाम हटाए गए हैं।

भाजपा का कांग्रेस पर सीधा निशाना

बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने अमित शाह के बयान का पुरजोर समर्थन करते हुए कांग्रेस से सवाल किया, "क्या कांग्रेस का पूरा अस्तित्व केवल रोहिंग्या और अवैध घुसपैठियों के फर्जी वोटों पर टिका है?" उन्होंने कहा कि विपक्ष को गृह मंत्री की बार-बार कही जा रही यह बात न तो दिखाई दे रही है और न ही सुनाई दे रही है।

सरावगी ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस शासित राज्यों में इस प्रक्रिया को सही ठहराया जा रहा है, लेकिन दिल्ली में विरोध हो रहा है। उन्होंने कहा, "कर्नाटक में एक करोड़ नाम काटे गए हैं और वहां के वरिष्ठ मंत्री खुद कह रहे हैं कि हमारे यहां एसआईआर सही हुआ है। केरल के मंत्री भी यही कह रहे हैं लेकिन यही लोग दिल्ली में बैठकर हो-हल्ला कर रहे हैं।"

विपक्ष पर 'झूठा नैरेटिव' फैलाने का आरोप

संजय सरावगी ने दावा किया कि बिहार में भी जिन लोगों के नाम हटाए गए, वे या तो मर चुके थे, स्थायी रूप से कहीं और चले गए थे या उनका नाम दो जगहों पर दर्ज था। उन्होंने कहा कि विपक्ष एक भी ऐसा व्यक्ति सामने नहीं ला सका है जिसका नाम गलत तरीके से काटा गया हो। उन्होंने इसे विपक्ष द्वारा फैलाया जा रहा 'झूठा नैरेटिव' बताया।

इसी सुर में बिहार सरकार के मंत्री और भाजपा नेता रामकृपाल यादव ने भी अमित शाह के बयान को सही ठहराया। उन्होंने कहा, "खाएगा हमारा और गाएगा दूसरा, ऐसा नहीं चल सकता।" यादव ने कहा कि विदेशी ताकतें घुसपैठियों के जरिए देश में अव्यवस्था फैलाना चाहती हैं और ऐसे लोगों पर कार्रवाई जरूरी है।

प्रक्रिया पर JDU के सवाल

वहीं, एनडीए के सहयोगी दल जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक ने इस मामले में सरकार की कार्यप्रणाली पर ही सवाल खड़े कर दिए। उन्होंने कहा, "यह सवाल राहुल गांधी या अमित शाह का नहीं है बल्कि सरकार के काम करने का है। अगर कोई अवैध है और बाहर से आकर अपना नाम नोट करा लेता है, तो कहीं न कहीं यह आपके ही अधिकारियों और निर्वाचन से जुड़े लोगों की गलती है।"

रजक ने कहा कि भाषणबाजी से जनता को गुमराह करने की कोशिश हो रही है। उन्होंने समाधान सुझाते हुए कहा, "अब गलतियां ढूंढने की जरूरत नहीं है। जो गलत है उसे काटिए और जो सही है उसकी फिर से एंट्री कीजिए। सीधी सी बात है कि जो गलत है वह गलत है और जो सही है वह सही है।"

इनपुट: IANS

N

News4Social राजनीति डेस्क

News4Social राजनीति डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से राजनीति और चुनाव से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →