KVIC में 30 यंग प्रोफेशनल्स के लिए मौका, ₹30,000 तक सैलरी, 30 अक्टूबर तक करें आवेदन
अगर आप पोस्ट-ग्रेजुएट हैं और नौकरी की तलाश में हैं, तो खादी और ग्रामोद्योग आयोग (KVIC) में आपके लिए एक अच्छा अवसर है। KVIC ने यंग प्रोफेशनल के 30 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मंगाए हैं। समाचार एजेंसी…
अगर आप पोस्ट-ग्रेजुएट हैं और नौकरी की तलाश में हैं, तो खादी और ग्रामोद्योग आयोग (KVIC) में आपके लिए एक अच्छा अवसर है। KVIC ने यंग प्रोफेशनल के 30 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मंगाए हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, ये नियुक्तियाँ कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर देश के पूर्वी, पश्चिमी और उत्तरी क्षेत्रों के लिए की जाएँगी।
इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन शुरू हो चुकी है और आवेदन जमा करने की आखिरी तारीख 30 अक्टूबर तय की गई है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार KVIC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
पदों का विवरण और स्थान
कुल 30 रिक्तियों को तीन ज़ोन में बराबर बांटा गया है। पश्चिम, उत्तर और पूर्व, प्रत्येक ज़ोन में 10-10 पद हैं।
- पश्चिम ज़ोन (10 पद): अकाउंट्स (1), खादी (3), सामान्य (1), ऑडिट (3), कानूनी (1) और एडमिन (1)।
- उत्तर ज़ोन (10 पद): अकाउंट्स (2), लीगल (5) और एचआर एवं एडमिन (3)।
- पूर्व ज़ोन (10 पद): खादी (5), ग्रामोद्योग (3) और ऑडिट (2)।
शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से संबंधित विषय में पोस्ट-ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। कुछ पदों के लिए टेक्सटाइल इंजीनियरिंग, फैशन टेक्नोलॉजी या समकक्ष में पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री भी मान्य है। इसके साथ ही, आवेदक को एमएस वर्ड, एक्सेल और पावर प्वाइंट की अच्छी जानकारी और बेहतर संवाद कौशल होना आवश्यक है।
इन पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा 27 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 1 अक्टूबर 2026 को आधार मानकर की जाएगी। आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट दी जाएगी।
चयन प्रक्रिया और वेतन
उम्मीदवारों का चयन आवेदनों की स्क्रीनिंग और शैक्षणिक योग्यता के आधार पर किया जाएगा। शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को पर्सनल इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा, जो नवंबर में आयोजित होने की संभावना है।
चयनित होने पर उम्मीदवार को योग्यता और अनुभव के आधार पर 25,000 से 30,000 रुपये प्रति माह वेतन मिलेगा। इसके अलावा, 2,500 से 3,000 रुपये तक कन्वेंस (आने-जाने का खर्च) और अन्य भत्ते भी दिए जाएँगे। यह नियुक्ति शुरुआत में एक साल के कॉन्ट्रैक्ट पर होगी, जिसे प्रदर्शन के आधार पर दो और वर्षों के लिए बढ़ाया जा सकता है।
इनपुट: IANS



