कुलगाम आतंकी हमला: राजस्थान के गृह राज्यमंत्री ने कहा- आतंक बर्दाश्त नहीं, दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में दो प्रवासी मजदूरों की हत्या के बाद राजस्थान के गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार आतंक को किसी भी कीमत पर…
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में दो प्रवासी मजदूरों की हत्या के बाद राजस्थान के गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार आतंक को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी और देश की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। समाचार एजेंसी IANS से बातचीत में उन्होंने भरोसा दिलाया कि आतंक फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियां और बल सख्त कार्रवाई करेंगे।
मंत्री बेढम ने कहा, "हमें घटना की जानकारी मिल गई है। जो भी लोग आतंक फैलाने की कोशिश करेंगे, हमारी सुरक्षा एजेंसियां और फोर्स उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगी। आपने पहले भी देखा है।" उन्होंने यह भी जोड़ा कि यदि किसी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है, तो सरकार उसके विरुद्ध भी कठोर कदम उठाएगी।
राजस्थान कांग्रेस पर भी साधा निशाना
कुलगाम हमले पर अपनी बात रखने के साथ ही जवाहर सिंह बेढम ने राजस्थान कांग्रेस में चल रही आंतरिक खींचतान पर भी टिप्पणी की। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के हालिया बयान को अहंकार से भरा बताया। बेढम के अनुसार, कांग्रेस की अंदरूनी लड़ाई अब अपने चरम पर पहुंच चुकी है।
मंत्री ने कहा, "कांग्रेस के लोग अपनी स्वार्थ पूर्ति के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। उनके बयान से ही यह साफ हो जाता है। उनकी आपसी लड़ाई ही उनके पतन की सबसे बड़ी वजह है।" उन्होंने डोटासरा के बयान को अनुशासन और संस्कारों की कमी का प्रतीक बताया, जो किसी भी राजनीतिक संगठन के लिए अच्छा नहीं है।
क्या था डोटासरा का बयान?
दरअसल, हाल ही में जयपुर के एक कार्यक्रम में गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा था, "राहुल गांधी ने मुझसे कहा कि डोटासरा और जूली बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। मुझे किसी ऐरे-गैरे से सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है। जब मेरे नेता यह कहते हैं तो मेरे लिए वही काफी है।" उनके इसी बयान के बाद कांग्रेस के भीतर और बाहर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है, जिसे भाजपा कांग्रेस की कमजोरी के रूप में प्रस्तुत कर रही है।
इनपुट: IANS



