राजस्थान: खाटूश्यामजी से लौट रहे परिवार के 9 लोगों की सड़क हादसे में मौत, 6 घायल
राजस्थान के कोटा में एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के नौ लोगों की जान चली गई, जिनमें बच्चे भी शामिल थे। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह दुर्घटना शनिवार देर रात तब हुई जब…
राजस्थान के कोटा में एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के नौ लोगों की जान चली गई, जिनमें बच्चे भी शामिल थे। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह दुर्घटना शनिवार देर रात तब हुई जब खाटूश्यामजी के दर्शन कर लौट रहे परिवार की क्रूजर गाड़ी सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई। इस हादसे में 6 अन्य लोग घायल भी हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
यह घटना कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर शंभूपुरा गांव के पास हुई। परिवार के सदस्य तीन गाड़ियों में यात्रा कर रहे थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, माना जा रहा है कि क्रूजर गाड़ी के ड्राइवर को झपकी आ जाने की वजह से यह दर्दनाक हादसा हुआ।
कैसे हुआ हादसा?
परिवार के साथ यात्रा कर रहे एक अन्य यात्री ने घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया, "हम खाटूश्यामजी गए थे और जयपुर के रास्ते वापस लौट रहे थे। हमारे पास तीन गाड़ियां थीं और हम जयपुर के आगे खाना खाने के लिए रुके थे।"
उनके अनुसार, खाना खाने के बाद जिस गाड़ी का एक्सीडेंट हुआ, वह पहले निकल गई, जबकि बाकी लोग बाद में निकले। उन्होंने आगे कहा, "रास्ते में हमें एक कॉल आया कि हादसा हो गया है और हमें जल्दी पहुंचने के लिए कहा गया। जब तक हम वहां पहुंचे, तब तक सभी घायलों को अस्पताल ले जाया जा चुका था। अभी पांच-छह लोग घायल हैं, और बाकी लोगों की मौत हो चुकी है।"
पहले भी हो चुका है ऐसा हादसा
यह हाल के महीनों में खाटूश्यामजी से लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ हुआ दूसरा बड़ा हादसा है। इससे पहले अक्टूबर महीने में, दौसा-मनोहरपुर नेशनल हाईवे (एनएच-148) पर रायसर के पास एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई थी। उस दुर्घटना में भी खाटूश्यामजी के दर्शन करके आगरा लौट रहे चार लोगों (अतुल, मुकुल, रूपेश और शिवा) की मौत हो गई थी और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। अधिकारियों के अनुसार, वह हादसा कार का टायर फटने से हुआ था।
इनपुट: IANS



