अमित शाह का AAP पर निशाना: केजरीवाल ने सत्ता हथियाकर भ्रष्टाचार किया, यमुना-सफाई पर झूठे वादे किए
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आंदोलन के नाम पर सत्ता हासिल की और…
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आंदोलन के नाम पर सत्ता हासिल की और भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं किया। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, शाह ने यह बातें द्वारका में यमुना पुनरुद्धार से जुड़ी 8,941 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान कहीं।
गृह मंत्री ने दिल्ली के मुख्यमंत्री को चुनौती देते हुए कहा, "केजरीवाल जी मेरे पास आपकी हर बात का जवाब है मगर मैं जवाब तब दूंगा, जब पंजाब में भी आपकी सरकार को हम उखाड़कर फेंक देंगे।" उन्होंने AAP पर बहाने की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए पिछली कांग्रेस सरकारों को भी घेरा।
कूड़े के पहाड़ और यमुना की सफाई पर हमला
अमित शाह ने दिल्ली में कूड़े के पहाड़ों की समस्या पर भाजपा सरकार के काम को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार ने मोदी सरकार की मदद से 2.17 करोड़ मीट्रिक टन कचरा साफ किया है और 100 एकड़ जमीन को कचरे के ढेर से मुक्त कराया है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, "केजरीवाल जी इसको प्रशासन कहते हैं और बहाने बनाने से कोई काम नहीं होता।" शाह ने वादा किया कि दो साल के भीतर इन जगहों पर बगीचा दिखाई देगा।
यमुना की सफाई को लेकर भी गृह मंत्री ने केजरीवाल पर तंज कसा। उन्होंने कहा, "केजरीवाल जी आपने 3 बार यमुना में डुबकी लगाने का झूठा वादा किया। आपने तो डुबकी नहीं लगाई लेकिन आपके कटआउट को डुबकी लगवाई तो वो भी बीमार हो गया और एम्स में भर्ती करना पड़ा।" शाह ने वादा किया कि केंद्र सरकार 2029 से पहले यमुना के पानी को शुद्ध कर देगी। उन्होंने बताया कि इसके लिए 3 साल का एक्शन प्लान बनाया गया है, जिसके तहत दिल्ली के हर घर को सीवरेज कनेक्शन और शुद्ध पेयजल पहुंचाया जाएगा।
पंजाब सरकार को भी घेरा
अमित शाह ने पंजाब की AAP सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मंगलवार को अपनी पंजाब यात्रा के दौरान उन्होंने देखा कि कैसे AAP सरकार के नेतृत्व में नशे का व्यापार बढ़ा है। उन्होंने दावा किया, "पंजाब की जनता ने तय कर लिया है कि इस बार वहां एनडीए की सरकार बनने वाली है।"
उन्होंने केजरीवाल को चेतावनी देते हुए कहा, "आप मेरी बात ध्यान से सुन लो, अगले चुनाव में आप पार्टी का वहां सूपड़ा साफ होने वाला है और हम 2029 तक पंजाब में नशे के काले कारोबार को समाप्त कर देंगे।" उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केजरीवाल दिल्ली से हारने के बाद पंजाब में डेरा जमाए हैं और वहां के मुख्यमंत्री को काम नहीं करने दे रहे।
इनपुट: IANS



