चिकमंगलूरू: कर्नाटक (Karnataka) के राज्य विधान परिषद के उप-सभापति एस.एल. धर्मेगौड़ा को मंगलवार को उनके गृहनगर के पास एक रेलवे ट्रैक पर मृत पाया गया. धर्मेगौड़ा के साथ सदन में हाल ही में दुर्व्यवहार हुआ था. उस वाकये की कुछ तस्वीरें वायरल हुई हैं, जिनमें कांग्रेस के सदस्यों को उनके साथ हाथापाई करते देखा जा सकता है. कांग्रेस के सदस्यों ने उन्हें कुर्सी से जबरदस्ती खींचकर हटा दिया था.
सदन में हुई थी बदसलूकी और कटघरे में कांग्रेस
कर्नाटक पुलिस ने एस.एल. धर्मेगौड़ा (S L Dharmegowda) की मौत की पुष्टि की है, जिससे बाद सूबे में सियासी तूफान आने के आसार हैं. कांग्रेस को कटघरे में खड़ा किया जा सकता है. सूत्रों के मुताबिक गौड़ा अपने ड्राइवर के साथ रात 10 बजे के करीब सैंट्रो कार में सखारयापत्तना स्थित फार्महाउस से निकले थे. जिनका शव चिकमंगलूरू के काडुरु तालुक में गुनसागर और काबली गांवों के पास स्थित रेलवे ट्रैक पर देर रात दो बजे मिला.
ये भी पढ़ें- किसानों संग बातचीत से पहले सरकार की ‘मंत्रणा’, अमित शाह के घर पर GOM मीटिंग
सदन में घटी शर्मनाक घटना का आंखों देखा हाल
गौड़ा हाल ही में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के सदस्यों द्वारा कथित तौर पर गैरकानूनी तरीके से सत्र की अध्यक्षता करने की कोशिश के लिए उच्च सदन में उन्हें घेरने के बाद चर्चा में थे. कांग्रेस के कुछ सदस्यों ने उन्हें अध्यक्ष की कुर्सी से जबरन खींचकर हटा दिया. उन पर ये आरोप लगा कि उन्होंने सत्तारूढ़ बीजेपी के साथ मिलकर कांग्रेस के अपर सदन अध्यक्ष प्रतापचंद्र शेट्टी को बाहर कर दिया.
भाजपा ने कांग्रेस के कुछ एमएलसी को निलंबित करने और हंगामे के लिए अध्यक्ष को बर्खास्त करने की मांग को एक बड़ा मुद्दा बनाया था. बता दें कि धर्मेगौड़ा को दिसंबर 2018 में उपाध्यक्ष के रूप में निर्विरोध चुना गया था. भाजपा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाई थी और उच्च सदन में इसपर मतदान होना बाकी था.
लंबे इंतजार के बाद ड्राइवर ने बेटे को दी थी जानकारी
गौड़ा किसी से मिलने के बहाने कार से उतरे और ड्राइवर को इंतजार करने के लिए कहा. जब काफी लंबा समय बीत गया तो ड्राइवर ने उनके बेटे को फोन करके बताया कि वह बड़ी देर से इंतजार कर रहे है, लेकिन उनके पिता अभी तक नहीं लौटे हैं. चिंताजनक परिवार के उनकी तलाश शुरू की तो शव रेल की पटरी पर दिखा.’
उप-सभापति एस.एल. धर्मेगौड़ा का राजनीतिक सफरनामा
गौड़ा का जन्म 15 दिसंबर, 1955 को सर्पनाहल्ली में हुआ था. उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा अपने गृहनगर में पूरी की, जबकि स्नातक की पढ़ाई चिकमंगलुरू में की. उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत बिलेक्लाहल्ली मंडला पंचायत के सदस्य के रूप में की थी और वे 2004 में बिरुर से विधायक चुने गए थे. गौड़ा अपने पीछे अपनी पत्नी ममता, बेटे सोनल और बेटी सलोनी को छोड़ गए हैं. उनके भाई एस.एल. भोजेगौड़ा भी विधान परिषद सदस्य (MLC) हैं,.
LIVE TV

















